India - WorldMadhya PradeshPoliticsTrending

भोपाल में PM Modi का बड़ा बयान, बोले- कांग्रेस का ठेका अब अर्बन नक्सलियों के पास है

भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रधानमंत्री ने कहा- मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी

भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (25 सितंबर) को भोपाल के जंबूरी मैदान में भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी। जहां-जहां कांग्रेस गई, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। कांग्रेस का ठेका अब अर्बन नक्सलियों के पास है। उन्‍होंने कहा कि यह जन सैलाब, उत्‍साह, उमंग, महाकुंभ और महासंकल्प बहुत कुछ कहता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है? यह दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई भाजपा। यह दिखाता है भाजपा का और भाजपा के हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला। मध्यप्रदेश सिर्फ भाजपा के विचार का ही नहीं, विकास के विजन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। आज जब देश अमृतकाल की नई विकास यात्रा पर निकला है, तब मध्यप्रदेश की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।​​​

कांग्रेस ने प्रजातंत्र को परिवारतंत्र बना दिया: प्रधानमंत्री  

उन्‍होंने कहा कि मैं मध्यप्रदेश के फर्स्ट टाइम वोटर को बताना चाहता हूं। आपके माता-पिता, दादा-दादी को अभाव में रखने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। उनको मुसीबत में जीने के लिए मजबूर करने वाली कांग्रेस एक मात्र पार्टी है। आज दुनिया भारत को लेकर जो कुछ कह रही है, यह सारे गौरवपूर्ण काम पहले भी हो सकते थे, लेकिन कांग्रेस सिर्फ एक परिवार का गौरवगान करने में ही जुटी रही। कांग्रेस ने प्रजातंत्र को परिवारतंत्र बना दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि मध्‍यप्रदेश में भाजपा की सरकार को करीब 20 साल पूरे हो चुके हैं। जो युवा पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की ही सरकार को देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन, बुराइयां देखी नहीं हैं। हम अपने आसपास देख रहे हैं कि जब इन्हें राजस्थान में मौका मिला तो कैसे कांग्रेस वहां सिर्फ बर्बादी लाई। हमने महाराष्ट्र में देखा है कि कैसे कांग्रेस ने गठबंधन में शामिल होकर लूट को ही अपना नंबर-1 काम बना दिया। मध्यप्रदेश के विकास के लिए आने वाले कुछ साल बहुत महत्वपूर्ण हैं। आज पूरी दुनिया से भारत में निवेश आ रहा है। अलग-अलग राज्यों में आ रहा है। यह समय भारत और मध्यप्रदेश को विकसित बनाने का है।

भाजपा के कामों की आलोचना करती है कांग्रेस: पीएम मोदी

उन्‍होंने कहा कि भाजपा आज आधुनिक सर्वे, आधुनिकतम सड़कें, चौड़े हाईवे, एक्सप्रेस-वे बना रही है, लेकिन कांग्रेस इसकी आलोचना करती है। भाजपा आज वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें ला रही है। स्टेशन का कायाकल्प कर रही है। भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन की प्रशंसा हर कोई कर रहा है, यह कांग्रेस को नहीं पच रहा। भाजपा बुलेट ट्रेन पर काम कर रही है। इसकी भी कांग्रेस आलोचना करती है। भाजपा सरकार ने नया संसद भवन बनाया। पूरा देश इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा कर रहा है। लेकिन, कांग्रेस ने पहले दिन से ही विरोध करना शुरू कर दिया। अब भी नकारात्मकता फैला रहे हैं कांग्रेस वाले। भारत कुछ भी उपलब्धि हासिल करे, कांग्रेस को पसंद नहीं आता।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हमारे प्रेरणा पुंज पं. दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिवस है। उन्होंने सुशासन को अंत्योदय से जोड़कर देखा। अंत्योदय की यही प्रेरणा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास… इस मंत्र में पं. जी का चिंतन है। यह हमें प्रेरित करती है। बीते 9 साल में हमने जो भी योजना बनाई, उनके मूल में यही भावना है। भाजपा ने गरीबों, महिलाओं, शोषितों, वंचितों, एससी, एसटी, ओबीसी को विकास का सबसे बड़ा लाभार्थी बनाया है।

वंचितों की वरीयता की गारंटी मोदी ने दी  

उन्‍होंने कहा कि वंचितों को वरीयता की गारंटी मोदी ने दी है, उसे हमने एक के बाद एक कदम उठाकर पूरा किया है। हमने गरीब का जीवन बेहतर करने के लिए प्रयास किए, प्रमाणित प्रयास किए। समाज में जो अभाव था, उसे दूर किया।

मोदी जी, भारत को भगवान का वरदान हैं: मुख्‍यमंत्री शिवराज

इससे पहले, कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मोदी जी भारत को भगवान का वरदान हैं। प्रधानमंत्री के हाथ हम भव्य और दिव्य भारत का सपना साकार होते हुए देखेंगे। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। यह कलंक हमने मिटा दिया। डबल इंजन की सरकार ने मध्‍यप्रदेश को तेजी से आगे बढ़ाया है।

भाजपा प्रदेशाध्‍यक्ष ने कहा- आज मध्‍यप्रदेश गौरवांवित है

मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि 19 महीने के लिए कांग्रेस आई। कमलनाथ ने PM आवास के मकान लौटाकर गरीबों के मकान नहीं बनने दिए। प्रधानमंत्री जल-जीवन मिशन भी शुरू नहीं किया। इससे पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि आज मध्यप्रदेश गौरवांवित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के विकास और गरीबों के हित में काम हुए हैं।

बता दें कि मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी का छह महीने में यह सातवां दौरा है। वे 14 सितंबर को सागर के बीना आए थे और यहां भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) रिफाइनरी में 50 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पेट्रो केमिकल प्लांट की आधारशिला रखी थी। अगले महीने पांच अक्टूबर को भी प्रधानमंत्री का जबलपुर में दौरा प्रस्तावित है।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: