TrendingUttar Pradesh

राज्यपाल ने दिए निर्देश- महाविद्यालयों में नैक ग्रेडिंग के लिए की जाएं तैयारियां

राज्यपाल ने राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की प्रगति की समीक्षा की

लखनऊ: राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने ऑनलाइन माध्यम से राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, अलीगढ़ की प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के विविध प्रशासनिक मुद्दों, निर्माण कार्यों, विश्वविद्यालय संचालन हेतु पर्याप्त शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी वर्ग की उपलब्धता, परीक्षा सत्र तथा वित्तीय स्थिति जैसे अन्य विषयों पर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। बैठक में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो चन्द्रशेखर ने राज्यपाल को जानकारी दी कि विश्वविद्यालय के कार्यक्षेत्र में जनपद अलीगढ़, एटा, हाथरस एवं कासगंज शामिल है। इससे समबद्ध कुल 365 महाविद्यालयों में 11 राजकीय महाविद्यालय, 12 अशासकीय अनुदानित महाविद्यालय तथा 342 स्वावित्त पोषित महाविद्यालय हैं। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में सत्र 2022-23 में कुल पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या-156315 है। 94.89 एकड़ के क्षेत्रफल पर विश्वविद्यालय परिसर के भवन अभी निर्माणाधीन हैं।

भर्ती के लिए निर्धारित प्रक्रिया का कड़ाई से अनुपालन हो

विश्वविद्यालय की प्रशासनिक प्रगति पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने सृजित पदों के सापेक्ष चयन प्रक्रिया शीघ्र प्रारम्भ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भर्ती के लिए निर्धारित प्रक्रिया का कड़ाई से अनुपालन किया जाए। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी रखने तथा सम्पूर्ण प्रक्रिया की वीडियो रिकार्डिंग कराने का निर्देश भी दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय में वर्तमान में कार्यरत स्टाफ डिजिटाइजेशन तथा ऑनलाइन पोर्टल की प्रगति की जानकारी भी ली। विश्वविद्यालय की वेबसाइट में आसम्बद्ध लिंक दृष्टव्य होने की जानकारी पर वेबसाइट का सिक्युरिटी आडिट कराने का निर्देश दिया। इसी क्रम में ‘‘समर्थ पोर्टल‘‘ पर कार्य करने ‘‘दर्पण डैशबोर्ड‘‘ पर रजिस्ट्रेशन कराकर सेवाएं प्राप्त करने का निर्देश भी दिये।

अन्य कार्यों की भी ली गई जानकारी

बैठक में विद्यार्थियों द्वारा परीक्षा शुल्क जमा न करने की स्थिति में परीक्षा परिणाम घोषित होने में हो रहे विलम्ब की चर्चा होने पर राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थियों से परीक्षा शुल्क सीधे विश्वविद्यालय में जमा कराने के प्रावधान पर विचार किया जाए। उन्होंने विश्वविद्यालय को शासन से प्राप्त अनुदान, खातों संख्या तथा धनारशि की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि सेविंग खातों में जमा रकम को सावधि जमा योजना में रखा जाए। बैठक में ऑनलाइन जुड़े जिलाधिकारी, इन्द्र विक्रम सिंह को विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों को शीघ्रतिशीघ्र पूरा कराने तथा विश्वविद्यालय के प्रयोग हेतु तीन से चार कमरों, शौचालय तथा फर्नीचर आदि की व्यवस्था कराने को कहा। इसी क्रम में राज्यपाल ने विश्वविद्यालय से जुड़े राजकीय महाविद्यालयों एवं अनुदानित महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रबन्धकों से भी ऑनलाइन व्यवस्थाओं, प्रगति, शिक्षण कार्यों की जानकारी ली।

उन्होंने इन सभी महाविद्यालयों से उनकी समस्याओं, संकायों की संख्या, विद्यार्थियों की संख्या, स्वीकृत पद, रिक्त पद, भवन की स्थिति की जानकारी भी ली। ज्यादातर महाविद्यालयों ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी को सामने रखा। राज्यपाल ने फण्ड की कमी को पूरा करने के लिए महाविद्यालयों को रूसा में ग्रांट हेतु आवेदन कराने का निर्देश दिया।

 

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: