India - WorldPoliticsTrending

राज्‍यसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा, लोकसभा में PM Modi ने सभी सांसदों को कहा शुक्रिया

राज्‍यसभा में कांग्रेस सांसद ने महिला आरक्षण बिल के नाम पर आपत्ति जताई

नई दिल्‍ली: नारी शक्ति वंदन विधेयक यानी महिला आरक्षण बिल के लोकसभा से पारित होने के बाद गुरुवार (21 सितंबर) को राज्यसभा में चर्चा जारी है। चर्चा की शुरुआत कांग्रेस नेता रंजीत रंजन चौधरी ने की और कहा कि आपने इसे नारी शक्ति वंदन विधेयक नाम दिया है। महिलाओं को वंदन नहीं, समानता का अधिकार चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि आपकी सरकार में महिलाओं की कितनी वंदना होती है, यह हमको मालूम है। आपको जब सत्ता पाने की जरूरत होती है तो आप महिलाओं को देवी बनाकर उसकी पूजा करने लगते हैं। इसके बाद बीजेपी के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष व राज्‍यसभा सांसद जगत प्रकाश (जेपी) नड्डा ने अपनी बात रखी।

जेपी नड्डा ने कहा- हमने नारी को शक्ति और देवी रूप में देखा  

जेपी नड्डा ने कहा कि इस कदम से नारी का सशक्तिकरण होगा और नारी को ताकत मिलेगी। नारी शक्ति वंदन विधेयक- यह शब्दावली ही हमारी पार्टी के दृष्टिकोण को स्पष्ट करती है। हमारे मन में धारणा बनी है कि हम महिलाओं के लिए काम कर अहसान कर रहे हैं, लेकिन हमेशा ही हमारी संस्कृति में महिलाओं का ऊंचा स्थान रहा है। हमने नारी को शक्ति और देवी के रूप में देखा है।

उधर, लोकसभा में जब सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू हुई तो सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोलने के लिए खड़े हुए और कहा कि कल भारत की संसदीय यात्रा का एक स्वर्णिम पल था। उस पल के हकदार इस सदन के सभी सदस्य हैं। सभी दल के सदस्य हैं। सभी दल के नेता भी हैं। सदन हों या सदन के बाहर हों, वे भी उतने ही हकदार हैं। उन्होंने कहा कि मैं आज इस बहुत महत्वपूर्ण निर्णय में और देश की मातृशक्ति में एक नई ऊर्जा भरने में कल का निर्णय और आज राज्यसभा के बाद जब हम अंतिम पड़ाव भी पूरा कर लेंगे। यह पवित्र कार्य को करने के लिए आप सबने जो योगदान दिया है, समर्थन दिया है, सार्थक चर्चा की है। सदन के नेता के रूप में मैं आज आप सबका सच्चे दिल से आदरपूर्वक अभिनंदन करता हूं।

लोकसभा में चंद्रयान-3 पर भी हुई चर्चा

पीएम मोदी के संबोधन के बाद लोकसभा में चंद्रयान-3 की सफलता पर चर्चा हुई। लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला से सदन को मिशन के बारे में बताया। इसके बाद केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोलने के लिए खड़े हुए। उनसे कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पूछा कि क्या उनमें चीन मुद्दे पर चर्चा करने की हिम्मत है? इस पर राजनाथ सिंह ने कहा कि पूरी हिम्मत है, मैं चीन पर चर्चा करने के लिए तैयार हूं और सीना चौड़ा करके चर्चा करने के लिए तैयार हूं।

गौरतलब है कि बुधवार (20 सितंबर) को महिला आरक्षण बिल लोकसभा से पास हो चुका है। इस बिल के पक्ष में 454 वोट पड़े, जबकि दो वोट इसके खिलाफ पड़े। पर्ची के जरिए हुए मतदान में AIMIM पार्टी के दो सांसदों असदुद्दीन ओवैसी और इम्तियाज जलील ने इस आरक्षण के विरोध में वोट डाला।

 

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: