
कोरोना संक्रमण के मामलों ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश से केरल तक देश के 28 जिलों को संक्रमण बढ़ने की वजह से रेड जोन घोषित कर दिया है।
रेड जोन में हरियाणा और महाराष्ट्र के वो 4 जिले भी शामिल हैं। जहां हफ्ते में संक्रमण की दर 5 फीसदी से भी ज्यादा है। बुधवार को राज्यों के साथ बैठक में स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रभावित राज्यों से जमीनी स्तर पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। दरअसल अरुणाचल प्रदेश समेत 7 राज्यों में कोरोना के सक्रिय मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अरुणाचल प्रदेश में यह बढ़ोतरी देश में सर्वाधिक 21.43 फीसदी तक दर्ज की गई है। देश के कुछ हिस्सों में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।
आलम ये है कि, एक ही दिन में करीब 40 फीसदी उछाल के साथ बुधवार को देश में 5233 नए कोरोना मरीज सामने आए। जिससे देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 28,857 पहुंच गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3345 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। सात लोगों की मौत हुई है। जबकि एक दिन पूर्व सात जून को 3741 मामले दर्ज किए गए थे।