
दिल्ली दंगों के आरोपी दिनेश यादव को हुई पांच साल जेल
दिल्ली। पूर्वोत्तर दिल्ली में CAA को लेकर हुए दंगों में 25 वर्षीय दिनेश यादव को गुरुवार को पांच साल जेल की सजा सुनाई गई है। यादव फरवरी 2020 की हिंसा के सिलसिले में दोषी ठहराया गया पहला व्यक्ति था। दिनेश यादव को 7 दिसंबर को एक गैरकानूनी सभा का हिस्सा होने के लिए दोषी ठहराया गया था, जिसने फरवरी 2020 में पूर्वोत्तर दिल्ली में हुई हिंसा के दौरान एक घर में आग लगा दी थी।
यह आदेश अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र भट ने सुनाया। यादव को गैरकानूनी सभा, दंगा, आगजनी, डकैती और हाउस ट्रेसपास सहित आरोपों का दोषी ठहराया गया था। उसे 12,000 रुपये का जुर्माना भी देना होगा। अभियोजन पक्ष ने कहा कि यादव “दंगाइयों की भीड़ का सक्रिय सदस्य” था और उसने 25 फरवरी की रात को एक घर में तोड़फोड़ और आग लगाने में भाग लिया था। यह घर मनोरी नाम की एक 73 वर्षीय महिला का था। मनोरी ने आरोप लगाया कि जब उनका परिवार मौजूद नहीं था तो लगभग 150-200 दंगाइयों की भीड़ ने उनके घर पर हमला किया और सारा सामान लूट लिया और परिवार की भैंस तक छीन ले गए। यादव को बाद में 8 जून, 2020 को गिरफ्तार कर लिया गया था।
गौरतलब है कि अदालत ने उनके खिलाफ 3 अगस्त, 2021 को आरोप तय किए। उन्हें 7 दिसंबर को दोषी ठहराया गया था। नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के समर्थकों और इसके प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसा के नियंत्रण से बाहर होने के बाद, फरवरी 2020 में पूर्वोत्तर दिल्ली में सांप्रदायिक झड़पें शुरू हो गईं थी, जिसमें कम से कम 53 लोग मारे गए और 700 से अधिक घायल हो गए।