
मरणोपरांत मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण सम्मान, राष्ट्रपति से लेंगे अखिलेश यादव
यूपी के मुख्यमंत्री व देश के रक्षा मंत्री रहे मुलायम सिंह को लोक कार्यों के लिए मिला था पद्म विभूषण
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान से सम्मानित किया गया है। उनके पुत्र और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सम्मान ग्रहण करेंगे। इसके लिए वे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
राष्ट्रपति भवन में बुधवार को पद्म पुरस्कारों के सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। दिवगंत मुलायम सिंह यादव को मिले पद्म विभूषण सम्मान को ग्रहण करने के लिए अखिलेश यादव दिल्ली के लिए निकल चुके हैं। उनके साथ उनकी पत्नी और मैनपुरी सांसद डिंपल यादव भी मौजूद हैं। राष्ट्रपति मुर्मू मुलायम सिंह यादव को मिला पद्म विभूषण सम्मान उनके बेटे अखिलेश को सौंपेंगी।
लोक कार्यों के लिए मिला था पद्म विभूषण
इस साल दिवंगत मुलायम सिंह यादव, दिवंगत दिलीप महालनोबिस, दिवंगत बालकृष्ण दोशी, संगीतकार जाकिर हुसैन, एस एम कृष्णा और श्रीनिवस वर्धन को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। मुलायम सिंह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री भी रह चुके थे। अक्टूबर, 2022 में मुलायम यादव का निधन हुआ था। उन्हें उनके लोक कार्यों के लिए पद्म विभूषण सम्मान दिया जा रहा है।
106 लोगों को पद्म पुरस्कार
इस साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की लिस्ट जारी हुई थी, जिसमें 106 लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। इसमें छह पद्म विभूषण, नौ पद्म भूषण और 91 पद्म श्री सम्मान शामिल थे। इस बार 19 पुरस्कार विजेता महिलाएं और लिस्ट में विदेशियों, एनआरआई, पीआईओ, ओसीआई की श्रेणी के दो व्यक्ति और सात मरणोपरांत पुरस्कार प्राप्त करने वाले भी शामिल थे।