
दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी सफलता, वित्तीय योजनाओं को लेकर ठगी करने वाला ठग गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने फजलपुर के मंडावली क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं में निवेश कर मोटी रकम दिलाने के नाम पर करीब 200 लोगों को ठगने के आरोप में एक फरार व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिमांशु सिंह के रूप में हुई है। जो अपने तीन साथी प्रवीण कुमार सिंह, वीनू सिंह और दीपक कुमार सिंह के साथ जय मां लक्ष्मी को-ऑपरेटिव थ्रिफ्ट एंड क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड के नाम से एक सोसायटी को संचालित कर रहा था। यह गिरोह मंडावली क्षेत्र, फजलपुर में अर्पित क्लॉथ स्टोर के नाम से एक दुकान भी चला रहा था।
जांच के दौरान, यह पता चला कि सोसायटी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के साथ पंजीकृत नहीं थी और इसलिए किसी भी योजना के माध्यम से सीधे जनता से धन एकत्र करने के लिए अधिकृत नहीं थी। आरोपी ब्याज-अर्जी, कर्ज, फ्लैट बुकिंग और लकी ड्रा योजनाओं समेत विभिन्न योजनाओं में लोगों से निवेश करवाता था। मामला दर्ज होने के बाद से ही चारों आरोपी फरार हो गए थे और उनकी तलाश की जा रही थी।
6 फरवरी 2020 को आरोपी प्रवीण कुमार सिंह और वीनू सिंह को फरार घोषित किया गया था. वहीं आरोपी हिमांशु सिंह उर्फ रिशु को 8 सितंबर, 2021 को एल.डी. द्वारा भगोड़ा घोषित किया गया था। इससे पहले तीन आरोपियों प्रवीण कुमार सिंह, वीनू सिंह और दीपक कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया था। चौथे आरोपी हिमांशु सिंह उर्फ रिशु (फरार) को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी थे लेकिन वह गिरफ्तारी से बच रहा था। एक गुप्त सूचना के आधार पर, उन्हें अंततः 3 फरवरी, 2022 को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया।