
दिल्ली में राष्ट्रपति चुनाव और मानसून सत्र से पहले आज एनडीए नेताओं की एक बैठक होगी। इस बैठक में एनडीए के दोनों सदनों के सांसदों के अलावा प्रधानमंत्री मोदी भी हिस्सा ले सकते हैं।
संभावना जताई जा रही है कि, बैठक में एनडीए नेताओं की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बैठक के दौरान सांसद राष्ट्रपति चुनाव में भाग लेने की प्रक्रिया के बारे में जानेंगे। और चुनाव की पूरी प्रक्रिया का मॉक ड्रिल भी करके सदस्यों को दिखाया जाएगा। वहीं एनडीए सांसदों की बैठक के बाद रात्रि भोज होगा।
बताते चलें कि, राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने 24 जून को नामांकन दाखिल किया था। द्रौपदी मुर्मू भारत के इतिहास में पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हैं। निर्वाचित होने के बाद, वो भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति और दूसरी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी।