India - WorldPoliticsTrending

मुंबई हमले की बरसी पर PM Modi बोले- अब हम मजबूती से आतंक को कुचल रहे हैं

प्रधानमंत्री ने मन की बात के 107वें एपिसोड में संविधान दिवस का भी किया जिक्र

नई दिल्‍ली: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का रविववार को 107वां एपिसोड प्रसारित हुआ, जिसका सीधा प्रसारण आकाशवाणी पर हुआ। आज के कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि ‘आज 26 नवंबर है और इस दिन को हम कभी नहीं भूल सकते। आज ही के दिन देश पर सबसे जघन्य आतंकी हमला हुआ था। आतंकियों ने मुंबई और पूरे देश को थर्रा कर रख दिया था। लेकिन, ये भारत का सामर्थ्य है कि हम उस हमले से उबरे और अब पूरे हौंसले से आतंक को कुचल रहे हैं। मुंबई हमले में अपना जीवन गंवाने वाले सभी लोगों को मैं श्रद्धांजलि देता हूं।

प्रधानमंत्री ने डॉ. अंबेडकर को याद करते हुए कहा कि सन् 1949 में आज ही के दिन संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। जब साल 2015 में हम बाबा साहेब आंबेडकर की 125वीं जयंती मना रहे थे, उसी समय 26 नवंबर को संविधान दिवस के तौर पर मनाने का विचार आया था। उसके बाद से हर साल हम इस दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाते आ रहे हैं।

संविधान में अबतक किए जा चुके कुछ 106 संशोधन

प्रधानमंत्री ने बताया संविधान के निर्माण में दो साल 11 महीने और 18 दिन का समय लगा। 60 से ज्यादा देशों के संविधान का अध्ययन के बाद संविधान का ड्राफ्ट तैयार हुआ था और उसे अंतिम रूप देने से पहले दो हजार से ज्यादा संशोधन किए गए। सन् 1950 में संविधान लागू होने के बाद भी अब तक कुल 106 संविधान संशोधन किए जा चुके हैं। उन्‍होंने कहा कि दुर्भाग्य रहा कि संविधान का पहला संशोधन बोलने की आजादी और अभिव्यक्ति की आजादी के अधिकारों में कटौती के लिए हुआ। वहीं, 44वें संविधान संशोधन के जरिए आपातकाल के दौरान की गई गलतियों को सुधारा गया।

उन्‍होंने कहा कि संविधान सभा में 15 महिलाएं थीं। इन्हीं में से एक हंसा मेहता ने महिलाओं के अधिकार और न्याय की आवाज बुलंद की थी। उस समय भारत उन कुछ देशों में से था, जिन्होंने महिलाओं को संविधान से वोटिंग का अधिकार दिया। संविधान निर्माताओं की उसी दूरदृष्टि का पालन करते हुए भारत की संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पास किया है और यह हमारे लोकतंत्र की संकल्प शक्ति का उदाहरण है।

विदेशों में शादी करना जरूरी है क्या?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन दिनों कुछ परिवारों में विदेशों में जाकर शादी करने का नया वातावरण बन रहा है, ये जरूरी है क्या? भारत की मिट्टी में भारत के लोगों के बीच अगर हम शादी ब्याह करेंगे तो देश का पैसा, देश में रहेगा। छोटे छोटे गरीब लोग भी अपने बच्चों को आपकी शादी की बातें बताएंगे।

प्रधानमंत्री ने की जल संरक्षण की अपील

पीएम नरेंद्र मोदी ने जल संरक्षण और अमृत सरोवर की बात की। भारत में 65 हजार अमृत सरोवर बनाए गए हैं। गुजरात के अमरेली में जल उत्सव मनाया जाता है, जिससे जल संरक्षण को लेकर जागरुकता आई है। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में बेल्जिपुरम यूथ क्लब स्किल डेवलेपमेंट पर फोकस कर रहा है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने देश की कई और प्रेरक कहानियां बताई।

 

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: