India - WorldPoliticsTrending

अविश्वास प्रस्ताव: संसद में राहुल गांधी ने पूछा- PM आज तक मणिपुर क्‍यों नहीं गए?, वहां हिंदुस्‍तान का मर्डर हुआ    

नई दिल्‍ली: संसद के मानसून सत्र में अविश्वास प्रस्ताव पर बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी स्पीच दी। उन्‍होंने स्पीकर से कहा कि सबसे पहले मैं आपका धन्यवाद करना चाहता हूं कि आपने मेरी सांसदी बहाल की। पिछली बार जब मैं बोला तो थोड़ा कष्ट भी पहुंचाया। इतनी जोर से अडाणीजी पर फोकस किया कि जो आपके सीनियर नेता हैं, उन्हें थोड़ा कष्ट हुआ। जो कष्ट हुआ उसका असर शायद आप पर भी हुआ। इसके लिए माफी मांगता हूं। मैंने सिर्फ सच्चाई रखी थी।

कांग्रेस सांसद ने कहा, आज जो मेरे भाजपा के मित्र हैं। आज आपको डरने की जरूरत नहीं है। आज मैं अपना भाषण अडाणीजी पर नहीं बोलने जा रहा हूं। आप शांत रह सकते हैं। मेरा भाषण आज दूसरी डायरेक्शन में जा रहा है। रूमी ने कहा था कि जो शब्द दिल से आते हैं, वो शब्द दिल में जाते हैं। आज मैं दिमाग से नहीं बोलना चाहता, आज मैं दिल से बोलूंगा। मैं आज आप लोगों पर इतना आक्रमण नहीं करूंगा। एक-दो गोले जरूर मारूंगा। आप रिलेक्स कर सकते हैं।

PM के लिए मणिपुर हिन्दुस्तान नहीं है: राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद ने कहा कि कुछ दिन पहले मैं मणिपुर गया। हमारे प्रधानमंत्री आज तक नहीं गए, क्योंकि उनके लिए मणिपुर हिंदुस्तान नहीं है। मैंने मणिपुर शब्द प्रयोग किया। आज की सच्चाई यह है कि मणिपुर नहीं बचा है। मणिपुर को आपने बांट दिया है, तोड़ दिया है। रिलीफ कैंप में गया, महिलाओं से बात की, बच्चों से बात की, प्रधानमंत्रीजी ने आज तक नहीं किया।

एक महिला से मैंने पूछा- बहन आपके साथ क्या हुआ? उसने कहा- मेरा छोटा सा बेटा, एक ही बच्चा था मेरा, मेरी आंखों के सामने उसे गोली मारी है। मैं पूरी रात उसकी लाश के साथ लेटी रही। मुझे डर लगा और घर छोड़ दिया, जो भी मेरे पास था, वो छोड़ दिया। ये झूठ नहीं है। झूठ आप लोग बोलते हो, मैं नहीं। मैंने महिला से पूछा कुछ तो लाईं होंगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ कपड़े और एक फोटो है।

मणिपुर नहीं बल्कि हिंदुस्‍तान का कत्‍ल किया

राहुल गांधी ने कहा कि एक और उदाहरण है। दूसरे कैंप में एक महिला से पूछा कि क्या हुआ? जैसे ही मैंने यह सवाल पूछा- एक सेकेंड में वो कांपने लगी। उसने अपने दिमाग में वो दृश्य सोचा और मेरे सामने कांपती हुई बेहोश हो गई। ये सिर्फ दो उदाहरण है। इन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है। सिर्फ मणिपुर की नहीं की। इनकी राजनीति ने मणिपुर को नहीं, हिंदुस्तान को मारा, हिंदुस्तान को कत्ल किया, उसका मर्डर किया। इस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू बोले- राहुलजी ने सदन में जो बातें कही हैं, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि नॉर्थ-ईस्ट को इन्होंने खत्म किया है। आज की समस्या इनकी पैदा की हुई है।

मणिपुर में भारत माता की हत्या हुई: कांग्रेस नेता

राहुल गांधी ने कहा कि जैसे मैंने भाषण की शुरुआत में बोला कि भारत एक आवाज है। जनता की आवाज है, दिल की आवाज है। उस आवाज की हत्या आपने मणिपुर में की, इसका मतलब भारत माता की हत्या आपने मणिपुर में की। आप देशद्रोही हो, आप देशभक्त नहीं हो। इसीलिए आपके प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं जा सकते हैं क्योंकि उन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान, भारत माता की हत्या की है। आप भारत माता के रखवाले नहीं, आप भारत माता के हत्यारे हो।

स्पीकर बिड़ला बोले- भारत माता हमारी मां है, सदन में बोलते वक्त मर्यादा का ध्यान रखें। इस पर राहुल बोले- मैं अपनी मां की बात कर रहा हूं। आपने मणिपुर में मेरी मां की हत्या की। एक मां यहां बैठी है, दूसरी की हत्या आपने मणिपुर में की। सेना एक दिन में वहां शांति ला सकती है। आप ऐसा नहीं कर रहे हो, क्योंकि आप हिंदुस्तान में मणिपुर को मारना चाहते हो।

उन्‍होंने आगे कहा कि मोदीजी अगर मणिपुर की आवाज नहीं सुनते हैं, उसके दिल की आवाज नहीं सुनते हैं तो किसकी सुनते हैं? किसकी आवाज सुनते हैं, सिर्फ दो लोगों की आवाज सुनते हैं। रावण दो लोगों की सुनता था- मेघनाथ और कुंभकर्ण। वैसे ही मोदीजी अमित शाह और अडाणी की सुनती है। लंका को हनुमान ने नहीं, रावण के अहंकार ने जलाया। राम ने रावण को नहीं मारा, उसके अहंकार ने मारा था। आप देशभर में केरोसीन छोड़ रहे हो, आपने मणिपुर में केरोसीन छोड़ी। आप पूरे देश में केरोसीन छोड़कर उसे जलाना चाहते हैं।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: