
वंचितों-शोषितों की उम्मीद का दीया जलाना है ,2023 में अपना दल को नंबर वन बनाना है- अनुप्रिया पटेल
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी के पदाधिकारियों की घोषणा शुरू
लखनऊ: अपना दल (एस) की मासिक बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को नंबर वन बनने का मंत्र दिया। उन्होंने पंक्तियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा ‘बिना रुके-बिना थके, बस आगे बढ़ते जाना है, वंचितों-शोषितों की उम्मीद का दीया जलाना है और 2023 में अपने अपना दल को नंबर वन बनाना है।’ केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2022 में पार्टी को कुछ उपलब्धियां मिलीं, लेकिन उससे हमें संतोष नहीं करना है। 2023 में भी अपना दल के लिए इतिहास में कुछ नया दर्ज होना चाहिए, ऐसा संकल्प लेकर हमें यहां से जाना है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने निकाय चुनाव को लेकर कहा कि अपना दल (एस) की तैयारी पूरी है, जब भी चुनाव होंगे, हम उसमें पूरी दमदारी के साथ प्रतिभाग करेंगे। सहयोगी दल होने के नाते हम लोगों की बातचीत चल रही है। चुनाव की घोषणा से पहले तस्वीर साफ हो जाएगी। प्रदेश व केंद्र सरकार दोनों जगह मंथन चल रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले में कुछ सकारात्मक कदम उठाया है। पिछड़ों के साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। पिछड़ों के सम्मान के लिए जो भी कदम उठाना पड़ेगा पार्टी उसे उठाएगी।
यूपी: ठंड के मौसम में कोई भी व्यक्ति सड़क पर सोता नजर न आए- सीएम योगी
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी के पदाधिकारियों की घोषणा शुरू हो गई है। मंचों के प्रदेश अध्यक्षों की एक सूची जारी कर दी गई है। प्रदेश कमेटी सहित शेष बचे मंचों की घोषणा जल्द कर दी जाएगी। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि साल 2023 हमारे लिए महत्वपूर्ण है। इस वर्ष संगठन को हर बूथ स्तर तक पहुंचा कर ही हमें विश्राम करना है। इसके लिए हमें दिन रात मेहनत करनी पड़ेगी। मैं हर कदम पर कार्यकर्ताओं के सम्मान और संरक्षा को लेकर खड़ा हूं।