
15 राज्यों के 251 जिलों में जारी है लंपी वायरस का कहर, 20.56 लाख से ज्यादा गोवंश हुए संक्रमित
नेशनल डेस्क : इंसानों में कोरोना वायरस के बाद अब जानवरों में लंपी वायरस(lumpy virus) ने अपने पैर पसार लिए हैं। लंपी वायरस ने भयावह रूप अख्तियार कर लिया है।मिली जानकारी के मुताबिक, वायरस ने 15 राज्यों के 251 जिलों तक पैर पसार कर 20.56 लाख से ज्यादा गोवंश को चपेट में ले लिया है। करीब एक लाख गायों की मौत हो चुकी है। राजस्थान में 13.99 लाख से ज्यादा गाय संक्रमित हैं। और 64 हजार से अधिक की मौत हो चुकी है।
लगातार इतनी अधिक संख्या में गायों की मौत होने से इसका सीधा असर पशुपालकों और किसानों पर पड़ रहा है। देश में 3.60 करोड़ से ज्यादा गोवंश अतिसंवेदनशील श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 23 सितंबर की शाम तक 97,435 गायों की जान जा चुकी है। हालांकि, गैरआधिकारिक आंकड़े कहीं ज्यादा बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़े :- लखनऊ: शुरू हुई सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की सावधान यात्रा
इधर, केंद्र सरकार ने गायों को बीमारी से बचाने के लिए राज्यों को टीकाकरण अभियान तेज करने को कहा है। लगातार एडवाइजरी भी जारी की जा रही है। केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन व डेयरी राज्यमंत्री मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा, केंद्र लंपी वायरस से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान को रूटीन में शामिल करने पर विचार करेगा। उन्होंने बताया, टीका पूरी तरह मुफ्त लगवाया जा रहा है।