
यूपी: बीजेपी बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की जांच ईडी या सीबीआई से कराएगी: अखिलेश यादव
समाजवादियों ने जनेश्वर मिश्र पार्क में सबसे ऊंचा तिरंगा झंडा सम्मान के साथ लगवाया था।
- आरएसएस ने कभी राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती पर जनेश्वर मिश्र पार्क में सम्बोधित करते हुए कहा कि 15 हजार करोड़ की लागत से बने जिस बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे का प्रधानमंत्री ने उद्घाटन किया था वह पहली बारिश में ही ढह गया। इसकी जांच ईडी या सीबीआई से कब होगी? उन्होंने कहा कि पूरे देश को समझना चाहिए कि आरएसएस और भाजपा एक ही है। नागपुर में आरएसएस के मुख्यालय पर पांच दशक तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया। समाजवादियों ने जनेश्वर मिश्र पार्क में सबसे ऊंचा तिरंगा झंडा सम्मान के साथ लगवाया था।
ममता बनर्जी ने PM मोदी से की मुलाकात, कई अहम् मुद्दों पर हुई बात….
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर जातीय जनगणना कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की जब सरकार आती है, महंगाई बढ़ा देती है। देश में इतनी महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार कभी नहीं था। आज हर चीज के दाम बढ़ गए है। दूध, दही, घी, पर कभी टैक्स नहीं लगा था, भाजपा ने उस पर जीएसटी लगाकर महंगा कर दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश में 22 करोड़ युवाओं ने नौकरी के लिए फार्म डाला लेकिन उन्हें नौकरी नहीं मिली। सरकार बताए कि अग्निवीर योजना में कितने नौजवानों को नौकरी दी गई। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा पुलिस हिरासत में मौतें हुई है। कानून व्यवस्था नाम की राज्य में कोई चीज नहीं। लूट, अपहरण, हत्या, महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं प्रतिदिन घट रही है।