India - WorldTrending

Himachal: लैंडस्लाइड से 12 हजार घरों में दरारें, खाली कर रहे लोग; 17 राज्‍यों में बारिश का अलर्ट  

हिमाचल में अबतक 330 मौतें, कई लोग तो छोड़ रहे प्रदेश  

नई दिल्‍ली: उत्‍तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बीते एक सप्‍ताह बारिश और लैंडस्लाइड ने काफी तबाही मचाई। हिमाचल में 12000 से ज्‍यादा घर क्षतिग्रस्त हुए, जबकि 330 लोगों की जान चली गई है।

यही कारण है कि अब लोग घर छोड़कर जाने को मजबूर हैं। इनके घरों में दरारें आ गई हैं और नीचे की मिट्टी बह गई। किसी भी समय घर गिर सकता है। ऐसे में कुछ लोगों ने राज्‍य ही छोड़ दिया है। इसके अलावा हिमाचल में 12 में से 11 जनपदों में 857 सड़कें बंद हैं। 4,285 ट्रांसफार्मर और 889 जलापूर्ति योजनाएं रुकी हुई हैं। बारिश, फ्लैश फ्लड, बाढ़ व जमीन धंसने से 10,000 करोड़ रुपये से भी ज्‍यादा का नुकसान आंका गया है।

उधर, पंजाब के सात जिले बाढ़ की चपेट में हैं। फिरोजपुर जिले में भारत और पाकिस्‍तान सीमा पर स्थित चेक पोस्ट पूरी तरह पानी में डूब गया है। यहां से 50 के लगभग किसानों को निकाला गया है। वहीं, फिरोजपुर में आरजी पुल टूटने से 15 गांवों से संपर्क टूट गया है, 50 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। चार गांवों से 426 लोगों को बचाया गया है।

17 राज्‍यों में आज बारिश का अलर्ट

वहीं, मौसम विभाग ने उत्तराखंड, उत्‍तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश सहित देश के 17 राज्यों में शनिवार को बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि, आज सुबह दिल्ली में भी तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड, महाराष्‍ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, सिक्किम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे में भारी बारिश हो सकती है। जबकि, उत्तर प्रदेश, राजस्‍थान, बिहार, हिमाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, राजस्‍थान और गुजरात में मध्‍यम बारिश की संभावना है।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: