
हमीरपुर : यूपी में चुनावी सरगर्मियां ताप पर है। भाजपा, कांग्रेस, सपा और बसपा प्रमुख अपनी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने के लिए लगातार रोड शो और जनसभाएं करने में जुटे हुए है। सोमवार को कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमारी चंदेल के पक्ष में हमीरपुर के मौदहा कस्बे में रोड शो करने पहुंची। इस मौके पर उन्होंने जनता से प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने की अपील की।
सुबह से ही प्रियंका गांधी की एक झलक पाने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। दोपहर करीब 2:15 बजे सड़क मार्ग के माध्यम से वह मौदहा कस्बे में मली कुंआ चौराहा पर पहुंची। यहां से प्रियंका गांधी व कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमारी चन्देल के पुत्र अभयराज चन्देल के साथ कार की छत पर सवार होकर लोगों का अभिवादन करते हुए रोड शो की शुरुआत की। जहां कांग्रेस समर्थकों ने उनको ऊपर पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया वहीं प्रियंका गांधी ने भी समर्थकों के ऊपर पुष्प वर्षा कर उनका हौसला बढ़ाने के साथ कांग्रेस के पक्ष में मतदान देने करने की अपील की। रोड शो कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजर कर तहसील मार्ग में आकर समाप्त हुआ। इस मौके पर उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा।