
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री कार्यालय पहुँचते ही सीएम ने पूजन-हवन कर कार्य का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री धामी गुरुवार को पहली बार पहुंचे अपने कार्यालय। कार्यालय में पूजन और हवन कर अपने कार्यकाल का किया शुभारंभ। शहीद सैनिकों को दी श्रद्धांजलि।
देहरादून। प्रदेश के नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में पूजन और हवन कर अपने कार्यकाल के पहले दिन का शुभारंभ किया। धामी गुरुवार को पहली बार अपने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में पहुंचे। पूजन और हवन समाप्त करने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने शासकीय कार्यों को करना आरम्भ किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्य, देहरादून मेयर सुनील उनियाल गामा के साथ आदि मंत्रीगण मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को चीड़बाग देहरादून स्थित शौर्य स्थल में पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश की रक्षा के लिए हमारे इन शहीद जवानों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। युवाओं को हमारे इन जवानों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना होगा।
धामी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री ने सैन्यधाम को उत्तराखंड का पांचवे धाम की संज्ञा दी है। उत्तराखंड के शहीद सैनिकों की स्मृतियों को संजोने के लिए देहरादून में भव्य सैन्यधाम बनाया जा रहा है। सितम्बर माह में पूरे प्रदेश में सैनिक सम्मान यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी और पूर्व राज्यसभा सांसद तरुण विजय भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी ने विगत चार जुलाई कोअपने पद की शपथ ली थी। धामी को प्रदेश की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट में सभी पुराने मंत्रियों को भी शामिल किया गया।