
UPPOLICE : बिकरू कांड के दो और आरोपियों पर NSA लगाया
कानपुर के बिकरू कांड के दो और आरोपियों पर NSA लगाया गया है। दोनों आरोपियों ने विकास दुबे के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाई थीं। पुलिस की रिपोर्ट पर डीएम आलोक तिवारी ने मुहर लगा दी है। अब तक तीन आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई हो चुकी है।
बिकरू कांड में पुलिस ने आरोपी हीरू दुबे के पिता रमेश चंद्र और बब्लू मुसलमान को जेल भेजा था। दोनों आरोपी जेल में अभी बंद हैं। कुछ दिन पहले ही इन दोनों ने जमानत अर्जी लगाई थी। जिसके बाद चौबेपुर पुलिस ने एनएसए की प्रक्रिया पूरी कर फाइल डीएम के पास भेज दी थी।
डीएम ने भी बगैर देरी किए फाइल पर हस्ताक्षर कर आरोपियों पर शिकंजा कसा। पुलिस ने आरोप तय किये हैं कि उन दोनों ने विकास के साथ मिलकर आठ पुलिसकर्मियों की हत्या की। जिससे गांव व आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। समाज के लोग आज भी डरे-सहमे रहते हैं। लोगों ने निकलना तक छोड़ दिया था। मालूम हो कि इसके पहले बिकरू कांड में शिवम दुबे उर्फ दलाल पर एनएसए की कार्रवाई की गई थी।