![](/wp-content/uploads/2021/10/Swatantra-Dev-Singh-g-1563284100-410x470.jpg)
झांसी: उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने झांसी के सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ बुंदेलखंड में पानी के संकट पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने हर हाल में लोगों और जानवरों को पानी मुहैया कराने के निर्देश दिए।
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, जनता जनार्दन और जानवरों को पानी की कमी न हो। समय से सभी तालाब भरे जाएं और पानी की सप्लाई भी लोगों को समय से हो। इसकी चिंता सरकार कर रही है। उन्होंने बैठक में 100 दिन की कार्ययोजना पर भी चर्चा की। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 100 दिनों की कार्ययोजना क्या होगी? उस कार्ययोजना को तैयार कर धरातल पर उतारना है। मौके का निरीक्षण अधिकारी भी करेंगे और हफ्ते में तीन दिन रात्रि विश्राम करेंगे। मंडल के अधिकारी अपने जिलों में जाएंगे और उसी जनपद में रात में रुककर समीक्षा करेंगे।
अपनी बात कहकर आगे बढ़ गए
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विभागीय अधिकारियों और बीजेपी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद पत्रकारों से बातचीत की। प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के मोदी और योगी को फॉलो करने के सवाल पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें पूरा प्रदेश और देश फॉलो कर रहा है। इस दौरान सदर विधायक रवि शर्मा, गरौठा विधायक जवाहर सिंह राजपूत, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, मऊरानीपुर विधायक डॉ. रश्मि आर्य, एमएलसी प्रत्याशी रमा निरंजन और महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा आदि मौजूद थे।