![](/wp-content/uploads/2021/10/941985-shivpal.jpg)
मैनपुरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने वाली समाजवादी पार्टी अब हार के कारणों की समीक्षा करने जा रही है। यह बात पूर्व कैबिनेट मंत्री व प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कही है। उन्होंने कहा कि हमें जनता के बड़े समर्थन के बाद भी अपेक्षित सफलता क्यों नहीं मिली, इसकी समीक्षा अभी नहीं हो पाई है। इसकी समीक्षा के दौरान हम हार का कारण भी तलाशेंगे।
शिवपाल सिंह यादव होली के अवसर पर कस्बा निवासी पूर्व राज्यमंत्री सुभाष चंद्र यादव से मिलने आए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह तो सभी जान चुके हैं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा चालाकी व बेईमानी से जीत कर आई है। भाजपा को छोड़कर सपा के टिकट पर चुनाव लड़कर हारने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बारे में उन्होंने कहा कि वह बड़े नेता हैं।
भाजपा को दी सलाह
प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के दौरान कब, किसने, कहां और क्या कहा? इस पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा, चुनाव के दौरान दिए गए बयानों के आधार पर किसी भी दल को सत्ता में आने पर बदले की भावना से काम नहीं करना चाहिए। बीजेपी को सलाह देते हुए कहा कि चुनाव खत्म हो चुका है। किसी भी पार्टी के नेता को सत्ता में आने पर बड़ा दिल रखते हुए मन में बदले की भावना नहीं रखनी चाहिए।
करहल से यदि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने विधायक पद से इस्तीफा दिया, तब प्रत्याशी कौन होगा? इसके जवाब में शिवपाल सिंह यादव ने कहा, अभी कुछ कहना सही नहीं होगा। चुनाव किसको लड़ाया जाए, यह पार्टी हाईकमान तय करेगा। इसके बाद शिवपाल ने कार्यकर्ताओं से मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं।