PoliticsTrendingUttar Pradesh

UP Nikay Chunav: सीएम योगी ने भरी जीत की हुंकार, बोले- अब यह नया कानपुर है, यहां दंगे नहीं…उत्‍सव होते हैं  

निकाय चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार-प्रसार मंगलवार शाम छह बजे थम जाएगा

कानपुर: उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार-प्रसार का मंगलवार को आखिरी दिन है। आज शाम छह बजे से प्रचार-प्रसार बंद हो जाएगा। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जनसभा, रैली और रोड शो कर रहे हैं।

इसी क्रम में मुख्‍यमंत्री योगी मंगलवार को दक्षिण कानपुर क्षेत्र में किदवई नगर के कमर्शियल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करने पहुंचे हैं। मंच से पांच निकाय क्षेत्रों को साधते हुए उन्‍होंने लोगों से ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का आह्वान किया और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

भाजपा ने विकास की गति को तेज किया

सीएम योगी ने कहा कि पूर्ववर्ती सपा और बसपा सरकार ने प्रदेश को कई दशक पीछे धकेला था, भाजपा ने विकास की गति को तेज किया है। उन्‍होंने कहा कि कानपुर में पहले कट्टे बनते थे, उपद्रव और दंगे होते थे। अब उत्सव मनते हैं और युवाओं के हाथों में पहले तमंचे होते थे…अब टैबलेट्स हैं। उन्‍होंने कहा कि कानपुर में अब दंगा कर्फ्यू नहीं होता है। यहां कनेक्टिविटी बढ़ने से प्रोडक्टिविटी बढ़ी है। उन्‍होंने कहा कि यह नया कानपुर है।

सूबे के मुखिया योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि हम कानपुर में इसी महीने एयरपोर्ट का उद्घाटन करने वाले हैं। यहां रिंग रोड बनने वाली है और मेट्रो का काम भी चल रहा है। आज गुंडा टैक्स और वसूली नहीं हो रही है। यहां के लोगों को सुरक्षा के साथ विकास मिल रहा है। जनसभा में सीएम ने सपा अध्य़क्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बिना यहां तक कह दिया कि उनका निकाय चुनाव को कूड़ा उठाने का चुनाव करार देने का बयान छह करोड़ लोगों का अपमान है। उन्‍होंने कहा कि दरअसल यह कूड़ा नहीं, सपा-बसपा के कचरे, गंदगी और अराजकता को साफ करने का चुनाव है।

इससे पहले सीएम योगी के आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मंच पर उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद सत्यदेव पचौरी और देवेंद्र सिंह भोले सहित भाजपा के अन्य नेता, सांसद और विधायक मौजूद हैं।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: