
यूपी: स्वास्थ्य विभाग ट्रांसफर भ्रष्टाचार मामले में सीएम योगी का एक्शन, DG समेत पांच के खिलाफ जांच के आदेश
उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में हुए ट्रांसफर में धांधली मामले में सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों पर एक्शन लेना शुरू कर दिया है
लखनऊ: उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में हुए ट्रांसफर में धांधली मामले में सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों पर एक्शन लेना शुरू कर दिया है। इस मामले में पूर्व डीजी हेल्थ डॉ. वेदव्रत सिंह सहित पांच अधिकारियों पर आरोप तय करते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं। सभी पर आरोपों की जांच के लिए अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य बस्ती मंडल को जांच अधिकारी नामित किया गया है। इसके अलावा संयुक्त निदेशक डॉ. बीकेएस चौहान के खिलाफ विभागीय कार्यवाही के भी आदेश दिए गए हैं। बता दें कि स्वास्थ्य अधिकारियों के तबादले के लिए गठित समिति में डॉ. चौहान शामिल थे।
इनके अलावा सात दिनों के भीतर निदेशक पैरामेडिकल डॉ. निरुपमा दीक्षित से स्पष्टीकरण मांगा गया है। और इसी सात दिन के अंदर स्पष्टीकरण न देने पर कठोर कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. निरुपमा दीक्षित पर 664 कर्मियों के ट्रांसफर को लेकर अनियमितता का आरोप लगा है। शासन ने डॉ. सुधीर कुमार यादव और डॉ. राजकुमार पर स्थानांतरण नीति का उल्लंघन करते हुए ट्रांसफर करने और पदीय दायित्वों का सही से निर्वहन नहीं करने का आरोप तय किया है।
UP MLC उपचुनाव 2022: सपा ने कीर्ति कोल को बनाया अपना उम्मीदवार
48 चिकित्सकों का तबादला रद्द
इससे पूर्व शनिवार को गलत तरीके से 48 डॉक्टर्स के ट्रांसफर का आदेश रद्द कर दिया गया। लेवल वन के 313 चिकित्सा अधिकारियों के किए गए तबादले में 48 ऐसे डॉक्टर्स के नाम गलत ढंग से लिस्ट में शामिल हो गए थे, जो लेवल 2 और लेवल 3 के आयुष दंत अन्य संवर्ग के थे। इसे लेकर तमाम विवाद भी हुए, जिसके बाद इन सभी 48 डॉक्टर्स का ट्रांफसर रद्द कर दिया गया।