![](/wp-content/uploads/2021/05/26_04_2021-black_marketing_of_oxygen_and_drugs_21594030.jpg)
यूपी : लखनऊ में दवाओं की कालाबाजारी में अब तक 87 लोग गिरफ्तार
कोरोना काल में जीवन रक्षक दवाओं और ऑक्सीजन की कालाबाजारी करने के आरोप में अब तक 87 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, इसमें सबसे अधिक 36 गिरफ्तारी लखनऊ से हुई हैं। अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रदेश में चलाए गए अभियान के दौरान 11 दिनों में 34 मामले सामने आए। इसमें कोरोना से इलाज में कारगर इंजेक्शन, ऑक्सीजन और दवाओं की कालाबाजारी में 87 लोगों गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 49 लाख 16 हजार रुपये से अधिक बरामद किए गए हैं।
![](/wp-content/uploads/2021/05/ramedisever-sixteen_nine-1024x576.jpg)
यह भी पढ़ें : यूपी में कोरोना के चलते अंतरराज्यीय बस सेवा बंद
उन्होंने बताया कि वैसे तो सबसे बड़ी कार्रवाई कानपुर नगर में हुई, जहां मिलेट्री इंटेलीजेंस से मिले इनपुट के बाद रेमडेसिवर के 265 इंजेक्शन बरामद किए। लखनऊ में पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर के नेतृत्व में बंथरा, गोमतीनगर, गुडंबा और ठाकुर गंज में कार्रवाई की। कालाबाजारी में कई डॉक्टरों को जेल भेजा गया। नोएडा, कानपुर नगर और गाजियाबाद में भी कार्रवाई की गई।
वहीं मुख्यमंत्री ने रविवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि बीते 24 घंटों में हमने 2,97,021 सैंपल टेस्ट किए हैं। इनमें से 1,28,000 से अधिक टेस्ट केवल आरटीपीसीआर माध्यम से हुए। यह एक रिकॉर्ड है। प्रदेश में अब तक 4.13 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं। सीएम ने कहा कि हमें अस्पतालों में प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता है। जहां जैसी आवश्यकता हो, मानव संसाधन को उपलब्ध कराया जाए। चिकित्सा शिक्षा मंत्री इस दिशा में कार्यवाही सुनिश्चित कराएं।
प्रदेश में 5 मई से पात्र लोगों को निशुल्क राशन वितरण प्रारंभ हो रहा है। इस संबंध में कृषि उत्पादन आयुक्त स्तर से कार्ययोजना तैयार कर ली जाए। ऑक्सीजन की मांग और आपूर्ति में संतुलन के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। शनिवार को प्रदेश में 682 मीट्रिक टन ऑक्सीजन का वितरण किया गया।