
झारखंड : पूर्व सीएम मरांडी ने कहा साबरमती की तर्ज पर बनाया जाएगा तिरिल आश्रम
रांची : पीएम मोदी के आह्वान पर शुक्रवार को धुर्वा रांची में भारत के आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छोटानागपुर खादी ग्रामोद्योग संस्थान तिरिल आश्रम में सामाजिक संस्था स्नेह फाउंडेशन की तरफ से इस आयोजन को किया गया।
गांधी दर्शन कार्यक्रम 2021 के अंतर्गत संगोष्ठी ने राष्ट्रगान किया। झारखंड के पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अंग्रेजों से 200 सालों की गुलामी से साल 1947 को हम आज़ादी मिली। हमारे महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, तपस्या तथा बलिदान की वजह से ही हो सका। हर भारतीय के मन मस्तिष्क में इसकी याद होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि, यह एक दिन का उत्सव नहीं है। हमे ये हमेशा याद रहना चाहिए। मरांडी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि साबरमती आश्रम की तर्ज पर तिरिल आश्रम हो। इसके लिए वह अपनी ओर से कोशिश कर रहें हैं। इस आश्रम के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार के मंत्रियों से व्यक्तिगत स्तर पर आग्रह करेंगे।
इस मौके पर छोटानागपुर के खादी ग्रामोद्योग के संरक्षक अभय कुमार चौधरी,मंत्री भावना देवी, कार्यक्रम गांधी दर्शन के संयोजक आशुतोष द्विवेदी, स्नेह फाउंडेशन के राजीव रंजन, आईसीए इंस्टीट्यूट के निदेशक रजनीश पांडेय, बीजेपी नेता संजय जायसवाल ,अनुज वर्मा,धीरज अग्रवाल,अनीस और सौरभ ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों और विचार पर चलने की वक्ताओं ने शपथ ली। सभी ने खादी वस्त्रों को पहनने का निवेदन भी किया। इस मौके पर सभी अतिथियों और बुनकरों ने महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यापर्ण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। तिरिल के बुनकरों को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।