PoliticsTrendingUttar Pradesh

पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव समेत बसपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाजपा में शामिल, उप मुख्‍यमंत्री ने दिलाई शपथ

बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व विधायक डॉ. केके सचान ने भी ली भाजपा की सदस्‍यता

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर सोमवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की उपस्थिति में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व विधायक डॉ. केके सचान (कानपुर) और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व सात बार विधायक रहे नरेंद्र सिंह यादव (फर्रुखाबाद) ने बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। साथ ही अध्यक्ष जिला पंचायत फर्रूखाबाद मोनिका यादव, सपा से फर्रुखाबाद लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी सचिन सिंह यादव और प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश टिंबर एसोशिएन व प्रदेश सचिव सपा व्यापार सभा मोहनीश त्रिवेदी अपने समर्थको के साथ भाजपा में शामिल हुए।

इस मौके पर डिप्‍टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय राय, रामप्रताप सिंह चौहान व प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में पार्टी कार्यालय पर हुए सदस्यता ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में बसपा व सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं सहित व्यापारी नेताओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों को पटका पहनाकर भाजपा में शामिल किया। उन्‍होंने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकारें जन-जन की आत्मनिर्भरता से आत्मनिर्भर भारत बनाने का संकल्प लेकर कार्य कर रही हैं।

भाजपा सरकार में विकास पथ पर बढ़ रहा आगे: डिप्‍टी सीएम  

उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के अंत्योदय विचारधारा के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों और विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी संगठनों के लोग लगातार बड़ी संख्या में भाजपा परिवार में शामिल हो रहे हैं। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बना है और अब हम सब मिलकर इसे सर्वोत्तम प्रदेश बनाएंगे। आज मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश सबको शिक्षा, सबको सुरक्षा व सबको चिकित्सा की प्रतिबद्धता के साथ विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है। जबकि, सपा-बसपा की सरकारों में यूपी गुंडे, माफियाओं, शोहदों, अपराधियों और भ्रष्टाचारियों के चंगुल में कैद था।

उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा की नीतियों और विचारधारा पर आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी ज्वाइन करने वाले सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव में बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में आप सभी अपने-अपने क्षेत्रों में परिश्रम के साथ जुटकर बड़े अंतर से बीजेपी की जीत सुनिश्चित करने में अपना योगदान दीजिए।

Follow Us
Show More

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: