
सफरनामा : लॉकडाउन के बाद करें रोड ट्रिप का प्लान, ये रास्ते हैं बेस्ट
कोरोना वायरस की वजह से जिंदगी रुक सी गई है। सब कुछ नॉर्मल हो जाने के बाद लोग नई-नई जगहों पर घूमने और वहां का लोकल खाना एक बार ट्राई जरूर करना चाहते हैं। कोरोना की वजह से लगे लॉकडाउन के कारण रोड ट्रिप पर जाने वाले लोगों को रोड ट्रिप पर जाने का मौका नहीं मिला। अब जब सब कुछ धीरे धीरे नॉर्मल हो रहा है तो रोड ट्रिप पर जानें वाले भी ट्रिप प्लान कर रहे हैं। तो आज आपको कुछ ऐसी जगहों के में बताएंगे जहां आप रोड ट्रिप पर जा सकते हैं।
गुवाहाटी से शिलांग
रोड ट्रिप पर जाने की तैयारी बना रहे सैलानी गुवाहाटी से शिलांग के लिए ट्रिप प्लान कर सकते हैं। इस ट्रिप पर रास्ते भर में बड़े-बड़े पहाड़, सफेद याक और देवदार के पेड़ देखने को मिलेंगे। ये खूबसूरत रास्ता ट्रिप को बेहद शानदार बना देगा। गुवाहाटी, नोंगपोह, उमियम और शिलांग तक का ये रास्ता 110 किलोमीटर का है। शिलांग में घूमने के लिए बहुत सी बेहतरीन जगहें हैं। शिलांग में ही स्थित स्वीट फॉल इस शहर का सबसे खूबसूरत वॉटरफॉल माना जाता है। लेकिन स्थानीय लोगों का मानना है कि ये वॉटरफॉल हॉन्टेड है।
मुंबई से पुणे
लॉकडाउन के बाद एक बार फिर से खूबसूरत रास्तों पर जाने के लिए मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे सबसे सही जगह हो सकती है। इस रास्ते पर आप अपने दोस्तों या पार्टनर संग जा सकते हैं। यहां रास्ते में आपको खूबसूरत नजारे देखने को मिलेंगे। मुंबई, पनवेल, लोनावला, एमबी वैली और पूणे तक का ये रास्ता 200 किलोमीटर का है।
जयपुर से अजमेर
राजस्थान का रेगिस्तान, खाना, पहनावा,यहां की रॉयल ब्यूटी का हर कोई दीवाना है। आप अपने पार्टनर या फिर अपने दोस्तों के ग्रुप के साथ रोड ट्रिप पर जा सकते हैं। जयपुर, सांभर, रूपनगढ़, किशनगढ़ और अजमेर तक रास्ता जाता है, जो लगभग 175 किलोमीटर है।
चेन्नई से मुन्नार
12 घंटे की इस बस यात्रा में आप तमिलनाडु के समुद्रतटों से मुन्नार की पहाड़ियों में चाय के बागानों को पार करते हुए बादलों के बीच पहुंच जाएंगे। रास्ते में बहुत बार जलवायु बदलाव होंगे जिन्हें महसूस करना अपने आप में एक अनुभव है। यहां तक की रास्ते में बस जिन मैदानों से होकर गुजरती है वो भी काफी बेहतरीन है जो यात्री के दिल में बस जाते हैं।
मुंबई से गोआ
मुंबई से गोवा भी एक बेस्ट रोड ट्रिप हो सकता है। भारत के सबसे अमीर शहर से लेकर देश के सबसे खूबसूरत समुद्रतटों वाले शहर तक दो तरीकों से जाया जा सकता है। पहला तरीका मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से शुरू होता है फिर कोल्हापुर और बेलगाम से होता हुआ गोआ जा कर खत्म होता है। अगर बिना रुके के जाएं तो 10 घंटे 30 मिनट में गोआ पहुंच जाएंगे। मुंबई से गोवा का रास्ता भी कुछ कम खूबसूरत नहीं है।