
योगी सरकार 2.0 के 100 दिनों के मंथन में विष निकला है: दीपक सिंह
, विपक्षी दल भाजपा सरकार के सौ दिन पूरे होने पर तंज कसते हुए नहीं थक रहे हैं।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इतिहास रच कर दोबारा मुख्यमंत्री बनने वाले योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल के सौ दिन पूरे हो चुके हैं। इसके उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी ने बीते दिन एक प्रेस कांफ्रेंस की जिसमें उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को साझा किया। इस दौरान उन्होंने भविष्य के लक्ष्यों पर भी प्रकाश डाला। हालांकि, विपक्षी दल भाजपा सरकार के सौ दिन पूरे होने पर तंज कसते हुए नहीं थक रहे हैं। कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह ने सीएम योगी और उनकी सरकार पर तंज कसते हुए एक पत्र जारी किया है। इस पत्र में उन्होंने लिखा है कि 100 दिनों के मंथन में उत्तर प्रदेश सरकार दर्जनों विभागों के ट्रांसफर के दौरान हुए घोटालों का विष निकला है।
उन्होंने यह भी लिखा है कि सरकार के स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य, बेसिक शिक्षा आदि विभागों में अधिकारियों/कर्मचारियों के स्थानांतरण में मंत्रियों और अधिकारियों के बीच घोटालों व धन उगाही स्पष्ट है। उन्होंने मांग की है कि ट्रान्सफर घोटालों की जांच एसआईटी से करवाई जाये।