
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष के नाम बना फर्जी अकाउंट, 251 लोग कर रहे थे फॉलो
प्रयागराज:। सोशल मीडिया ने दुनिया में सूचना क्रांति तो ला दी है।पर इसका तेजी से दुरुपयोग भी हो रहा है। लोग ना जाने कब किसके नाम का फर्जी अकाउंट बना ले। यह किसी को भी पता नहीं रहता की उनके नाम से फर्जी एकाउंट चल रहा है।
इन फर्जी अकाउंट के जरिए उल्टी सीधी बातें भी की जाती हैं। अगर यह अकाउंट किसी विशिष्ट व्यक्ति के नाम से बनाया गया है और उसके नाम से इंटरनेट पर फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। तो इन सबका असर लोगों पर भी होता है।
ऐसा ही कुछ हुआ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि के साथ। जब उनके नाम से किसी ने सोशल मीडिया पर एक फर्जी ट्विटर अकाउंट बना लिया।
5 सितंबर रविवार के दिन शाम को इस टि्वटर अकाउंट के माध्यम से 2 साल पहले महाराष्ट्र के पालघर में जूना अखाड़ा के दो साधुओं को पीट कर मार डालने की घटना और राजस्थान के करौली जिले में एक पुजारी को जिंदा जलाने की घटना को लेकर ट्विटर से कुछ ट्वीट किए गए।
दोनों प्रदेश सरकारों से इस को लेकर जानकारी मांगी गई। और साथ ही उन्हें चेतावनी भी दी गई अगर दोनों संतो को न्याय नहीं मिला तो बड़ी संख्या में संत समाज राजस्थान और महाराष्ट्र पहुंच जाएंगे।
इस बारे में जब अखाड़ा परिषद के महंत नरेंद्र गिरि से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं हैं। क्योंकि वह ना तो टि्वटर चलाते हैं और ना ही किसी को उन्होंने ट्वीट करने के लिए अधिकृत कर रखा है। उनका यह फर्जी अकाउंट किसने बनाया इसके बारे में उनको कोई भी जानकारी नहीं है। पुलिस से शिकायत कर उन्होंने कार्रवाई करने की मांग की है।