
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इसमें सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय भी मौजूद रहे। बता दें कि शनिवार को इनकम टैक्स विभाग की टीम ने इनके आवास पर छापा मारा था।
प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि, जैसे-जैसे बीजेपी पर हार का डर होगा, बड़े नेताओं का यूपी दौरा बढ़ जाएगा। पहले से अंदेशा था कि छापा पड़ेगा। जहां-जहां बीजेपी हारती है, इन संस्थाओं को आगे करती है। कागज दिखाने का पुराना अनुभव है हमें। भाजपा भी कांग्रेस के रास्ते पर है। वो भी केंद्रीय एजेंसी का प्रयोग करती थी। बीजेपी बचेगी नहीं। ये अनुपयोगी हैं। उन्होंने कहा, टेनी पर आरोप है कौन नहीं जानता। क्या दिल्ली यूपी की सरकार नहीं जानती। जांच में नाम आ गया। सरकार क्यों बचा रही है। अन्नदाता अपने हक सम्मान की लड़ाई लड़ रहे थे, उन्हें कुचल दिया गया। दोषी कौन है। गृह राज्यमंत्री पर उंगली उठी है। उनका बेटा शामिल है।
राजीव राय के घर छापेमारी पर जवाब
सपा के राष्ट्रीय सचिव के घर छापेमारी के सवाल पर सपा सुप्रीमो ने कहा कि, राजीव राय के हर जगह पर छापा मारा है। कर्नाटक के नाथ सम्प्रदाय के एक साधु हैं। उनसे एक साधारण आदमी ने मिलवाया था। वहां ईडी पहुंच गई। सरकार व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी चला रही। अनुपयोगी सीएम लैपटॉप नहीं चलाना जानते। उन्हें लैपटॉप-मोबाइल दे दो, नहीं चला पाएंगे। भाग जाएंगे। ओएसडी के घर छापा मारा गया। टाइल्स तोड़ी, बिस्तर फाड़ा। कन्नौज के चुनाव को हराने के लिए सीएम की जाति के अधिकारी थे। सीएम आवास में बैठकर कन्नौज चुनाव हरवाया गया। यूपी की जनता ने चुनाव हरा दिया है। सपा का विजय रथ रुकेगा नहीं।
भाजपा को हराना चाहती है जनता: अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा, विक्रमादित्य मार्ग पर सरकार बनने के बाद रुकेगी। हमारे सभी फोन सुने जा रहे हैं। कार्यालय से लेकर संबंधित लोगों को सुना जा रहा है। सीएम खुद सुनते हैं शाम को। मीडिया के लोग भी सावधान रहें। कुछ अधिकारी आखिरी वक्त पर सरकार को खुश करना चाहते हैं। जैसे कन्नौज चुनाव में साजिश की गई। उसी प्रकार अधिकारी साजिश कर रहे। कानून कोई नहीं मानता। अधिकारी नहीं मानते। पूर्व सीएम ने कहा, सरकार बदलेगी, अधिकारी बदलेंगे। जो आज बुलडोजर चला रहे, वो कल हमारे लिए चलाएंगे। भाजपा को जनता हराना चाहती है। इनका हर वादा झूठा है। लोग बताएं कौन करा रहा है फोन टैपिंग।