
नैनीताल में बोटिंग शुल्क में इजाफा, जानिए कितने बड़े दाम ?
नैनीताल। नैनीताल में काफी समय से शुल्क बढाने की मांग कर रहे नाविकों की आखिरकार पालिका प्रशासन ने सुन ली और नाव संचालकों की मांग को पूरा करते हुए पालिका प्रशासन नौकायन शुल्क में 50 से बढाकर 100 रुपये तक करने का फैसला लिया है। मार्च अंत तक बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास कराकर नये वित्तीय वर्ष से इसे लागू कर दिया जाएगा। नया शुल्क लागू होने से नाव संचालकों को तो राहत मिलेगी, मगर नौकायन करने वाले पर्यटकों की जेब ढीली होगी।
नैनी झील में 222 चप्पू और 90 पैडल बोट का संचालन होता है। इसके लिए पालिका की ओर से शुल्क लेकर लाइसेंस जारी किया जाता है। नौकायन करने के लिए झील का पूरा चक्कर लगाने पर 220 और आधे चक्कर पर 160 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। जिसमें बीते कई वर्षों से बढ़ोत्तरी नहीं की गई है। बीते वर्ष नवंबर माह में एसोसिएशन पदाधिकारियों ने पालिकाध्यक्ष और ईओ से वार्ता कर शुल्क बढ़ाने की मांग की थी।
जिस पर पालिका प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाया है। पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी ने बताया कि संगठन की मांग पर शुल्क में 50-100 रुपये तक की बढ़ोत्तरी करने का प्रस्ताव है। मार्च अंत तक बोर्ड बैठक आयोजित की जाएगी। जिसमें यह प्रस्ताव भी रखा जाना है। बोर्ड की स्वीकृति के बाद नया शुल्क लागू कर दिया जाएगा।