
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के चौथे चरण के लिए मतदान जारी है। बुधवार को चौथे चरण में नौ जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। आजलखनऊ, सीतापुर, खीरी, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, बांदा, फतेहपुर और पीलीभीत में मतदान किया जा रहा है।
इसी क्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोटिंग के बाद उन्होंने कहा कि संघर्ष किसी पार्टी से नहीं है, जो रुझान बनता दिख रहा है लखनऊ की सभी सीटें भाजपा के खाते में जा रही हैं। इस बार के नतीजे पिछली बार के रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे।
मुद्दे पर वोट कर रही है जनता
नीरज सिंह ने कहा कि दावों से चुनाव नहीं जीता जाता, शासन और प्रशासन के मुद्दे पर जनता वोट कर रही है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में उत्तर प्रदेश की जनता को योजनाओं का लाभ मिला है। लोग एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नेता जो मुख्य मुद्दे हैं, उनको भुलाकर जातिगत राजनीति में विश्वास रखते हैं। भाजपा सरकार में सबका साथ, सबका विकास किया गया है। बिना जाति देखे, बिना किसी का धर्म पूछे योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति को देने का काम भाजपा सरकार ने किया है।