
राहत : भारत में एक्टिव केस हुए एक लाख से नीचे, बीते 24 घण्टों में सामने आए इतने मामले
देशभर में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के कुल 6,915 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक कोविड संक्रमितों की कुल संख्या 4 करोड़ 29 लाख 31 हजार 45 हो गई है। पिछले 24 घंटों में देश भर में कुल 180 लोगों की मौत भी हुई है। देश में अब तक कोविड से कुल 5 लाख 14 हजार 23 लोगों की मौत हो चुकी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश भर में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब एक लाख से भी कम हो गई है। देश भर में फिलहाल 92,472 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। सक्रिय मामले कुल संक्रमणों के 0.22% तक पहुंच गए हैं। देश में रिकवरी रेट बढ़कर 98.59 फीसदी हो गया है। पिछले 24 घंटे में देश भर में कुल 16,864 मरीज ठीक हुए हैं, जो नए मरीजों की संख्या से करीब ढाई गुना ज्यादा है। देशभर में अब तक कुल 4 करोड़, 23 लाख, 24 हजार, 550 लोग इस महामारी को मात दे चुके हैं।
देश में दैनिक सकारात्मकता दर अब घटकर 0.77 प्रतिशत हो गई है। साप्ताहिक सकारात्मकता दर भी अब घटकर 1.11 प्रतिशत हो गई है। देश में अब तक (28 फरवरी तक) कुल 76.83 करोड़ सैंपल की जांच की जा चुकी है। पिछले 24 घंटों में 9,01,647 नमूनों की जांच की गई है। मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के तहत अब तक देश भर में लोगों को कुल 177.70 करोड़ टीके की खुराक दी जा चुकी है। पिछले 24 घंटों में देश भर में लोगों को कुल 18,22,513 टीके की खुराक दी गई हैं।