India Rise Special

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता के बाद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित

अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले नगर निगम कर्मचारियों की कई दिनों से चली आ रही हड़ताल सीएम पुष्कर सिंह धामी से हुई वार्ता के बाद स्थगित कर दी गई है। बुधवार को हड़ताली कर्मचारियों ने बैठक कर काम पर लौटने की घोषणा कर दी।

हड़ताल खत्म होने के बाद दोपहर तीन बजे से शहर में लगे कूड़े के ढेरों की सफाई का काम शुरू हो गया है। नगर निगम की तरफ से नगर में पसरी गंदगी को उठाने के लिए दो जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं, जिससे सड़कों पर फैले कूड़े का निपटान जल्द से जल्द हो सके। कूड़ा उठने से नागरिकों ने राहत की सांस ली।

बुधवार सुबह नगर निगम में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी से वार्ता कर लौटे पदाधिकारियों ने वार्ता के दौरान हुए समझौते से सभी नगर निगम कर्मचारियों को अवगत कराया।

ये भी पढ़े :-नैनीताल : चारधाम यात्रा पर जारी रहेगी रोक, हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

नगर निगम संघ के प्रांतीय संयुक्त सचिव दिलेंद्र गौडियाल, नगर निगम के अध्यक्ष शशि कुमार ने कहा कि बातचीत के दौरान नगर निगम में ठेका प्रथा समाप्त कर मोहल्ला स्वच्छता कर्मियों को नगर निगम के अधीन करने, मोहल्ला स्वच्छता कर्मियों का मानदेय 8250 रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये करने, नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के स्थायी नियुक्ति के लिए अन्य राज्यों की गाइडलाइन मंगाकर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।

मांगों के समाधान के लिए प्रदेश सरकार को एक माह का समय दिया गया है। इस मौके पर संरक्षक नरेंद्र घाघट, उपाध्यक्ष धीरज गोडियाल, सह उपाध्यक्ष ज्वाला प्रसाद, सचिव जितेंद्र गोडियाल, कोषाध्यक्ष अजय केशियाल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। उधर, नगर आयुक्त पीएल शाह ने कहा कि नगर निगम के सभी सफाई कर्मचारी हड़ताल से लौट गए हैं।

Follow Us
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
%d bloggers like this: