
Uttarakhand Election 2022 : समर्थन प्राप्त करने के लिए कांग्रेस निर्दलीयों व गैर भाजपाइयों से साध रही संपर्क
उत्तराखंड। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना से पूर्व ही असमंजस भरी स्थिति को देखते हुए कांग्रेस प्लान बी पर काम करना शुरू कर दिया है। जिसके चलते पार्टी गैर भाजपाई दल और निर्दलीयों से संपर्क साधने का काम कर रही है। ये बात अलग है कि यह कार्य कांग्रेस गुपचुप तरीके से कर रही है। टिहरी सीट से ऐसे ही एक प्रत्याशी के बारे में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने रिपोर्ट भी मांगी है।
राज्य की त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में कांग्रेस सरकार बनाने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है। कांग्रेस की नजर ऐसे निर्दलीय, दलीय और बागी प्रत्याशियों पर है, जो जीतने की क्षमता रखते हैं। अल्मोड़ा जिले की द्वाराहाट सीट से उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के प्रत्याशी पुष्पेश त्रिपाठी, देवप्रयाग सीट से दिवाकर भट्ट व टिहरी विधानसभा सीट से निर्दलीय दिनेश धनै से पार्टी को समर्थन मिलने की उम्मीद है। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने टिहरी से प्रत्याशी दिनेश धनै के संबंध में पार्टी के पर्यवेक्षक रहे सुरेश चंदेल से रिपोर्ट मांगी है। यमुनोत्री सीट पर पार्टी के बागी की स्थिति को भी मजबूत आंका जा रहा है। हरिद्वार में बसपा प्रत्याशियों को भी टटोला जा रहा है।