
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी व अपना दल (कमेरावादी) गठबंधन की प्रत्याशी पल्लवी पटेल ने सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनका अपना दल है तो फिर वह किसी और के सिंबल पर चुनाव क्यों लड़ेंगी।
आपको बता दें कि सपा के साथ मिलकर अपना दल (कमेरावादी) की प्रत्याशी पल्लवी पटेल कौशांबी जिले के सिराथू विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाली थीं। उनका सामना वहां प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य से होना था। हालांकि, उन्होंने सपा से टिकट बंटवारे पर विवाद की वजह से बुधवार शाम टिकट ही वापस कर दिया।
बताते चलें कि वर्तमान में शीतला प्रसाद पटेल सिराथू से भाजपा विधायक हैं। उनका टिकट केशव मौर्य के चुनाव लड़ने के चलते काट दिया गया है। इस कारण पटेल बिरादरी में रोष है और इसी का फायदा उठाने के लिए सपा ने पल्लवी पटेल को मैदान में उतारने का फैसला किया था।
सोनेलाल पटेल की विरासत की जंग जारी
आपको बता दें कि सोनेलाल पटेल ने अपना दल की स्थापना की थी। हालांकि, उनकी विरासत हासिल करने के लिए पटेल परिवार में घमासान जारी है। इस कारण पार्टी के दो टुकड़े हो चुके हैं। एक दल अपना दल (एस) बना, जिसकी मुखिया अनुप्रिया पटेल हैं और वह बीजेपी को सपोर्ट करती हैं। वहीं, दूसरी पार्टी के रूप में अपना दल (कमेरावादी) बना, जिसकी अध्यक्ष अनुप्रिया की मां कृष्णा पटेल और उपाध्यक्ष छोटी बहन पल्लवी पटेल हैं। पल्लवी पटेल सपा को सपोर्ट करती हैं।