
लखनऊः यूपी विधानसभा चुनाव के लिए चौथे चरण का मतदान हो रहा है। बीजेपी के सभी नेता के साथ जनता भी लगातार मतदान करने पहुंच रही है। 9 जिलों की 59 सीटों पर मतदान हो रहा है।
चौथे चरण में अवध प्रांत के प्रत्याशियों की आज अग्नि परीक्षा हो रही है। ऊंचाहार में सपा के मनोज पांडेय मैदान तो रायबरेली में बीजेपी प्रत्याशी अदिति सिंह की प्रतिष्ठा आज दांव पर है। लखनऊ में सरोजनीनगर सीट पर भी सबकी निगाहें हैं क्योंकि यहां से बीजेपी से पूर्व पुलिस अफसर राजेश्वर सिंह अपना दमखम दिखा रहे हैं। हरदोई सदर सीट से नितिन अग्रवाल पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
लखनऊ उत्तर से नीरज बोरा तो पूर्व से आशुतोष टंडन की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। लखनऊ कैंट से योगी सरकार के मंत्री बृजेश पाठक चुनाव लड़ रहे हैं।
भगवा वस्त्र में मोहसिन रजा ने किया मतदान
लखनऊ में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहसिन रजा भगवा वस्त्र पहनकर मतदान करने पहुंचे। भगवा वस्त्र में वोटिंग करने पहुंचे मंत्री मोहसिन रजा ने सेंट जॉन बास्को कॉलेज विवेक खंड में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मोहसिन रजा यहां भगवा कपड़ा पहनकर परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे थे। आपको बता दें कि आज सात बजे मतदान शुरू हो चुका है, जो शाम 06 बजे तक चलेगा।