
छत्तीसगढ़ : रायपुर-दुर्ग में सीजी टीका पोर्टल ने बढ़ाई मुसीबत
छत्तीसगढ़ में 18 से 44 वर्ष के टीकाकरण के लिए शुरू किए गए वेब पोर्टल सीजी टीका में कुछ नगरीय निकायों के लोग पंजीयन नहीं करा पा रहे हैं। इसको लेकर रायपुर और दुर्ग जिले में ज्यादा शिकायतें हैं। वजह यह है कि इन दोनों जिलों में एक से अधिक नगर निगम हैं। पोर्टल पर केवल एक ही नगर निगम के वार्ड अपलोड किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग और चिप्स के अफसर भी इसे स्वीकार कर रहे हैं। अफसरों के अनुसार एक-दो दिन में यह समस्या दूर कर ली जाएगी। सीजी टीका वेब पोर्टल को राज्य सरकार ने तैयार कराया है। अब तक एक लाख से ज्यादा लोग इसके माध्यम से पंजीयन करा चुके हैं। अफसरों के अनुसार पंजीयन की प्रक्रिया बेहद सरल है। ज्यादातर चीजें विकल्प के रूप में मौजूद हैं। पंजीयन के दौरान केवल उसका चयन करते जाना है। इनमें निवास क्षेत्र की जानकारी सबसे महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि उसी के आधार पर टीकाकरण केंद्र की जानकारी मिल पाएगी।

ऐसे में जिन लोगों के निवास क्षेत्र का विकल्प पोर्टल पर नहीं है उनका पंजीयन नहीं हो पा रहा है। रायपुर जिले में रायपुर नगर निगम के सभी वार्ड पोर्टल पर अपलोड हैं, लेकिन बिरगांव नगर निगम के वार्ड की जानकारी नहीं है। इसी तरह दुर्ग जिले में दुर्ग नगर निगम के वार्ड तो अपलोड कर दिए गए हैं, लेकिन बाकी तीन नगर निगमों भिलाई नगर निगम, भिलाई-चरौदा नगर निगम और रिसाली नगर निगम के वार्ड अभी अपलोड नहीं है। इसकी वजह से इन नगर निगम क्षेत्रों में रहने वाले लोग पंजीयन नहीं करा पा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : उत्तराखंड : इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में देहरादून के अभिमन्यु ईश्वरन शामिल
एपीएल के लिए राशनकार्ड जरूरी नहीं
पोर्टल पर पंजीयन और टीकाकरण के लिए एपीएल श्रेणी के हितग्राहियों को राशन कार्ड की जरूरत नहीं है। उन्हें केवल आधार कार्ड या इसी तरह का मान्य कोई परिचय पत्र अपलोड करना होगा। वहीं, अंत्योदय और बीपीएल श्रेणी के परिवारों के लिए राशनकार्ड का नंबर दर्ज करना जरूरी है।