
29 जुलाई को रांची समेत राज्य भर में भारी बारिश होने के आसार, अलर्ट जारी
रांची समेत झारखंड के उत्तरी, दक्षिण पूर्वी व मध्य इलाकों में अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण रांची समेत झारखंड के उत्तरी, दक्षिण पूर्वी व मध्य इलाकों में अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने इसे ध्यान में रखते हुए रेड अलर्ट जारी कर सरकार को तैयारी करने का सुझाव दिया है। इसका असर झारखंड में 30 जुलाई तक रहेगा। विभाग के अनुसार 28 जुलाई से ही राज्य के विभिन्न इलाकों में इसका असर दिखने लगेगा।
30 जुलाई को राज्य के उत्तर-पूर्वी तथा मध्य भाग में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 31 जुलाई से मॉनसून थोड़ा कमजोर पड़ सकता है। 31 जुलाई और एक अगस्त को अाकाश में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
रांची में बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। कुछ इलाकों में हल्की बुंदाबांदी भी हुई है। पिछले 24 घंटे में शहर का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो राज्य भर में सबसे कम है। जबकि 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
वहीं बात करें पिछले 24 घंटे में राज्य भर के मौसम की तो सबसे ज्यादा बारिश जामताड़ा में हुई है। यहां 132 मिमी बारिश हुई है। वहीं राज्य भर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दुमका का 37 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची का 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इस दौरान राज्य भर में मानसन सामान्य बना हुआ है।