
TrendingUttar Pradesh
गोरखपुर: पूर्व मंत्री अमरमणि सहित कई दर्जन कैदियों की हो सकती है रिहाई
यूपी की जेलों में कैदियों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है।
गोरखपुर: लंबे अरसे से जेल की सलाखों में कैद पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और उनकी पत्नी सहित 51 कैदियों की रिहाई हो सकती है। ये सभी कैदी काफी उम्रदराज हो चुके हैं और इनकी 14 वर्ष की सजा भी पूरी हो चुकी है। इन कैदियों की सूची जेल प्रशासन की तरफ से शासन को भेज दिया गया है। ज्ञात हो कि यूपी की जेलों में कैदियों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। एक अनुमान के अनुसार करीब सात हजार कैदी ऐसे हैं, जो दस वर्ष से ज्यादा समय से जलों में हैं।
ऐसे में सुप्रीम कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई के दौरान आदेश दिया है कि जो कैदी 14 साल की सजा पूरी कर चुके हैं और जो बुजुर्ग 10 वर्ष से ज्यादा समय से सजा काट रहे हैं, उनकी सूची तैयार कराई जाए। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा है कि ऐसे मामले में त्वरित रिहाई पर विचार करते हुए राज्य प्रिजन रिलीज कमेटी को भेजा जाए।
सुप्रीम कोर्ट के इसी आदेश के तहत गोरखपुर जेल प्रशासन ने अपने यहां बंद ऐसे 51 कैदियों की पहचान कर उनकी सूची शासन को भेज दी है। जेल प्रशासन की इस सूची में कवयित्री मधुमिता शुक्ला की हत्या में सजा काट रहे पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और उनकी पत्नी मधुमणि का भी नाम शामिल है। जेल सूत्रों के मुताबिक अमरमणि त्रिपाठी करीब 18 वर्षों से सजा काट रहे हैं।