
उत्तराखंड में विधायक दल की बैठक स्थगित, जानिए धामी और कौशिक दिल्ली से आखिर क्यों आया बुलावा
उत्तराखंड का मुख्यमंत्री कौन बनेगा इसपर सहमति नहीं बन पा रही है। हाल ही में सीएम पद के दोनों उम्मीदवार सीएम पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक को अचानक दिल्ली बुलाया गया है।
केंद्रीय नेतृत्व ने बुलाया दिल्ली
सियासी हलकों में चर्चा रही कि उन्हें केंद्रीय नेतृत्व ने दोनों को दिल्ली बुलाया है। दिल्ली में पार्टी की कोर ग्रुप की बैठक में दोनों नेताओं के शामिल होंगे। बैठक में दोनों नेताओं से मुख्यमंत्री के चेहरे और मंत्रिमंडल के गठन को लेकर चर्चा हो सकती है। इधर कश्मकश के बीच पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी दिल्ली पहुंचे हैं। जो कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात करेंगे।
रेस में धामी आगे
आज शाम विधायक मंडल दल की बैठक होगी। लेकिन अब पार्टी के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने संकेत दिए कि, यह बैठक सोमवार या मंगलवार को संभव है। क्योंकि सीएम के चेहरे को लेकर सस्पेंस बरकरार है। रेस में कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सबसे आगे हैं। उनके अलावा विधायकों में कद्दावार नेता सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत और ऋतु खंडूड़ी के अलावा लैंसडौन के विधायक दिलीप सिंह रावत का भी चर्चा में हैं। जबकि गैर विधायकों में सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट और सांसद अनिल बलूनी के नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है। लेकिन पार्टी नेताओं का मानना है कि, केंद्रीय नेतृत्व सीएम पद के लिए कौन सा नाम सामने ले आए, इस बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है।
तैयारियों में जुटी भाजपा
सीएम पद की दावेदारी करने वाली विधायक रेखा आर्य ने अब कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि, धामी के चेहरे पर चुनाव लड़ा, जिसमें पार्टी को दो तिहाई बहुमत मिला है। इसी बीच नई सरकार के गठन को लेकर चल रही तैयारियों के बीच भाजपा के विधायकों का राजधानी देहरादून पहुंचना शुरू हो गया है। होली मनाने के बाद शनिवार शाम तक गढ़वाल मंडल के लगभग सभी विधायक देहरादून पहुंच गए हैं।