
हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी में अध्यक्ष पद हेतु शुरू हुई तलाश, हाईकमान ने दिया ये आदेश
हिमाचल प्रदेश। हिमाचल आम आदमी पार्टी अध्यक्ष रहे अनूप केसरी के भाजपा में शामिल होने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) को हिमाचल प्रदेश मे नया प्रदेश अध्यक्ष चुनने के लिए बेदाग चेहरों की तलाश है। जो कि कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर या शिमला जिला से नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है।इसको लेकर हाईकमान ने प्रदेश और जिला कार्यकारिणियों से नाम भेजने का फरमान जारी किया है। एक सप्ताह बाद नए प्रदेश अध्यक्ष पर फैसला हो सकता है। तब तक दिल्ली से ही दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
गौरतलब है कि, हिमाचल विधानसभा चुनाव के दौरान हिमाचल में आप को ऐसा चेहरा चाहिए जो राजनीतिक पैठ रखता हो। पार्टी के प्रति वफादार हो। साफ छवि हो और कोई आरोप भी न लगा हो। इसी चेहरे के सहारे आप गुटों में बंटी भाजपा और कांग्रेस को मात देने की तैयारी कर रही है। आप के कांगड़ा जिला प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने कहा कि, ” प्रदेश अध्यक्ष की तैनाती को लेकर आप जल्दबाजी नहीं करेगी।”
आप के प्रदेश उपाध्यक्ष आईडी भंडारी ने कहा कि दिल्ली से टीम हिमाचल दौरे पर आई है। पार्टी हाईकमान लगातार इस टीम के संपर्क में है। पार्टी के यही नेता हाईकमान को हिमाचल की रिपोर्ट दे रहे हैं। हिमाचल में अध्यक्ष बनाने के लिए साफ छवि के नेता को देखा जा रहा है। वहीं, प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने कहा कि हाईकमान से दिशा-निर्देश जारी हो रहे हैं।