
UP : सांसदों-विधायकों के समर्थन के लिए लखनऊ आएंगी द्रौपदी मुर्मू
मायावती से भी कर सकती हैं मुलाकात
लखनऊ: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू जल्द ही राजधानी लखनऊ आ सकती हैं। वह मतदाता सांसदों और विधायकों का समर्थन पाने के लिए उनके साथ औपचारिक परिचय बैठक करेंगी। यह बैठक मुख्यमंत्री आवास पर हो सकती है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी साथ आने की संभावना है।
राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए सोमवार की देर शाम सरकार और संगठन की तैयारियों के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सीएम योगी आदित्यनाथ और पार्टी प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक की। सीएम आवास 5-कालीदास मार्ग पर हुई बैठक में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री योगी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल मौजूद रहे।
मायावती से भी कर सकती हैं मुलाकात
इस बैठक में द्रौपदी मुर्मू के आगमन की तैयारियों पर चर्चा हुई। हालांकि, अभी उनके आगमन की तारीख तय नहीं हुई है। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान किया है। ऐसे में संभावना ये भी जताई जा रही है कि मुर्मू उनसे भी मुलाकात कर सकती हैं।