जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हैं गुमनाम, उन्हें RSS खोजकर देगी सम्मान
लखनऊ: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS अवध प्रांत में 19 नवंबर से 16 दिसंबर तक आजादी का अमृत महोत्सव मनाएगा। इसके अंतर्गत इतिहासकारों से अछूते रह गए गुमनाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को चिन्हित किया जाएगा। उनके विषय में तथ्य संकलन होगा और फिर उनका पुस्तक के रूप में प्रकाशन होगा।
RSS अवध प्रांत के सह प्रांत कार्यवाह संजय ने बताया कि, समाज के बुद्धिजीवी वर्गों के बीच अमृत महोत्सव कार्यक्रम के दौरान वैचारिक गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। समाज को बलिदानी वीरों की तिरंगा यात्रा, वंदे मातरम गायन, नुक्कड़ नाटक के द्वारा जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में शिक्षण संस्थानों में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। संघ की ओर से गुरु तेग बहादुर के प्रकाश के 400 वर्ष पूरे होने पर उनके बलिदान को लेकर समाज में बड़े कार्यक्रम में वैचारिक गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
2025 में आरएसएस के पूरे होंगे 100 वर्ष
उन्होंने बताया कि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के वर्ष 2025 में 100 वर्ष पूरे होंगे। इसके मद्देनजर संघ सेवा विस्तार में भी लगा हुआ है। अवध प्रांत की 1819 न्याय पंचायतों में से संघ की नियमित शाखाएं 1065 में आयोजित हो रही हैं। वहीं, सप्ताह में 754 न्याय पंचायतों में एक बार शाखा आयोजित होती है। संजय ने ये भी बताया कि, कर्नाटक के धारवाड़ जिले में 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित हुई संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी मंडल की बैठक में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के विरोध में प्रस्ताव पारित किया गया।