
यूपी: सभी मंत्रियों के मंडल में हुआ बदलाव, फिर करेंगे जिलों का दौरा
सुरेश खन्ना को मेरठ की जिम्मेदारी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एक बार फिर से मंडलों का दौरा करेंगे। दूसरे चरण के निरीक्षण में मुख्यमंत्री यागी आदित्यनाथ ने पहले से तय मंडलों में बदलाव किया है। मंत्री 10 जून से दोबारा मंडलों का दौरा करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह इस बार गोरखपुर में अपने मंत्री समूह के साथ जनता के दरवाजे पर पहुंचेंगे। इसके अलावा सरकार दोनों डिप्टी सीएम अलग-अलग मंडलों में रहेंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या अयोध्या, जबकि ब्रजेश पाठक को इस बार प्रयागराज मंडल के दौरे पर रहेंगे। वहीं, राजधानी लखनऊ में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही धरातल की हकीकत से रूबरू होंगे। पहले यह जिम्मेदारी सुरेश खन्ना के पास थी।
सुरेश खन्ना को मेरठ की जिम्मेदारी
बस्ती मंडल का जिम्मा बेबीरानी मौर्या को मिला है। वहीं, लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद को कानपुर के बदले मुरादाबाद मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सुरेश खन्ना को मेरठ, संजय निषाद चित्रकूट, धर्मपाल सिंह कानपुर, नंदगोपाल नंदी को झांसी, आशीष पटेल सहारनपुर, योगेन्द्र उपाध्याय आजमगढ़ औ राकेश सचान को विंध्यांचल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दो चरणों में हो सकता है दौरा
सरकार के एक मंत्री ने मंडल बदलने के पीछे तर्क देते हुए कहा कि एक ही मंडल में डेढ़ से दो महीने के भीतर अलग-अलग मंत्री समूहों के निरीक्षण से फीडबैक भी चेक हो सकेंगे और पहली की रिपोर्ट के आधार पर हुए बदलावों की निष्पक्ष जांच भी हो सकेगी। वहीं, सूत्रों की मानें तो मंत्री इस बार दो चरण में दौरे को अंजाम देंगे। पहला चरण 10 से लेकर 12 जून तक होगा तो वहीं, दूसरे चरण की शुरुआत 18 जून से होगी।