
मऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के सातवें और अंतिम चरण में मऊ जिले में मतदान किया जाएगा। यहां की सबसे हॉट सीट सदर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने अशोक सिंह को मैदान में उतारा है, जिनका मुकाबला बाहुबली मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी से है।
युवा पत्रकार व भाजपा नेता पंकज सिंह शुक्रवार को अपने कुछ साथियों के साथ मऊ पहुंचे और भाजपा प्रत्याशी अशोक सिंह के लिए चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उनकी अशोक सिंह की जनसभा में उनकी मुलाकात मऊ के जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय से भी हो गई और उन्होंने आपस में बातचीत की।
पंकज सिंह बोले- भाजपा प्रत्याशी की जीत पक्की
भाजपा नेता पंकज सिंह ने इस दौरान कहा कि क्षेत्र में योगी-मोदी के साथ ही ‘पूरा राशन, मजबूत शासन’ भी खूब सुनाई दे रहा। गांव की महिलाएं “नमक खाया है” पर टिकी हुई दिखाई दे रही हैं। उन्होंने दावा कि मऊ सदर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी अशोक सिंह की जीत पक्की है।
आपको बता दें कि वर्ष 2009 में अशोक सिंह के भाई यूपी के ए श्रेणी के ठेकेदार अजय प्रकाश सिंह उर्फ मन्ना की मुख्तार अंसारी ने अदावत में अपने गुर्गों से हत्या करा दी थी। पांच बार के विधायक मुख्तार अंसारी अशोक सिंह के भाई की हत्या सहित उनके गवाह को भी मरवा देने के मामले में जेल में हैं, जिसकी सुनवाई एमपी-एमएलए अदालत में लंबित भी है। ऐसे में भाजपा ने मन्ना के भाई अशोक सिंह को टिकट देकर मामले को और भी रोचक बना दिया है। यहां से अशोक सिंह को सांत्वना वोट मिलने की उम्मीद है, जिससे मुख्तार के बेटे अब्बास अंसारी के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है। हालांकि, नतीजे तो 10 मार्च को ही सामने आएंगे।