राहुल गांधी दो दिवसीय मणिपुर दौरे पर पहुंचे, राहत कैंपों का दौरा और सिविल सोसाइटी के मेंबर्स से करेंगे मुलाकात
मणिपुर राज्य में जारी हिंसा में अब तक 131 लोगों की मौत
इंफाल: मणिपुर में जारी हिंसा के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को राज्य के दौरे पर पहुंच गए हैं। वे कल यानी 30 जून तक मणिपुर में रहेंगे। आज सबसे पहले वे चुराचांदपुर जिले में कई राहत शिविरों का दौरा करेंगे और फिर राज्य के सिविल सोसाइटी के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे विष्णुपुर जिले के राहत शिविरों में जाएंगे।
मणिपुर कांग्रेस अध्यक्ष ओकराम इबोबी सिंह ने बताया कि राहुल गांधी सीनियर सिटीजन और कई नेताओं से भी मिलेंगे। बता दें कि मणिपुर में तीन मई से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच हिंसा जारी है। इस हिंसा में अब तक 131 लोगों की मौत हो चुकी है। हिंसा को देखते हुए राज्य में 30 जून तक इंटरनेट पर प्रतिबंध बढ़ा दिया गया है।
बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात, 144 लोग गिरफ्तार
उधर, सर्वदलीय बैठक में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हिंसा में अब तक 131 लोगों की मौत की जानकारी दी थी। जबकि, 419 लोग घायल हुए हैं। आगजनी की पांच हजार से ज्यादा घटनाएं हुई हैं। अब तक छह हजार मामले दर्ज हुए हैं और 144 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य में 36 हजार सुरक्षाकर्मी और 40 आईपीएस तैनात किए गए हैं।