
ईरान में फंसे 5 भारतीय, पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार, कहा-प्लीज भारत वापसी करा दीजिए
ईरान में 400 दिन जेल में बिताने के बाद वहां फंसे 5 भारतीय युवकों ने पीएम मोदी से मदद की गुहार लगाई है। इन युवकों का कहना है कि, उन्हें झूठे केस में फंसाकर उन्हें 400 दिन जेल में रखा गया। युवकों ने एक वीडियो मैसेज भेज कर पीएम मोदी से उन्हें बचाने की अपील की है। ये पांचों युवक भारत के अलग अलग राज्यों से हैं जो कि मर्चेंट नेवी जॉइन करने के लिए 2019 में ईरान गए थे।
ये पांचों युवक भारत के अलग-अलग राज्यों से हैं। मुंबई के अंकित येनपुरे (28) और एम वर्लीकर (26), पटना के प्रणव तिवारी (21), दिल्ली के नवीन सिंह और चेन्नई के तमीह सेल्वन (31) हैं। ये सभी 2019 में मर्चेंट नेवी जॉइन करने के लिए ईरान गए थे। फरवरी 2020 में एक यात्रा पर अनजाने में समुद्री ड्रग्स रैकेट में फंस गए। जिसके बाद इनको झूठे केस में फंसाकर उन्हें 400 दिन जेल में रखा गया। जेल से छूटने के बाद भी इनके पासपोर्ट और आइडेंटिफिकेशन डॉक्युमेंट्स नहीं लौटाए गए हैं।
पांचों युवकों में से एक अंकित ने वीडियो मैसेज में बताया, ‘ये वीडियो हम हमारी वतन वापसी के लिए बना रहे हैं. ये वीडियो ईरान के चाबहार से बनाया जा रहा है, जहां हिंदुस्तान ने 200 मिलियन डॉलर का पोर्ट प्रोजेक्ट किया था। यहां पर हम पिछले 400 दिन से फंसे हैं. हम लोगों को एक झूठे केस में फंसाया गया था।
अंकित का कहना है कि,”हमारे एजेंट की वजह से हम इस झूठे केस में फंस गए। निर्दोष होने के बावजूद हम 400 दिन जेल में कैद थे। 9 मार्च 2021 को हम लोगों को रिहा कर दिया गया। हम करप्ट नहीं थे, न हमने कोई गलत काम किया। यहां पर भी अपने हिंदुस्तान का नाम बरकरार रखा।”
अंकित ने प्रधानमंत्री से कहा है, हमारे पास पैसे भी नहीं हैं। हमारे साथ कुछ भी हो सकता है।’ हम लोगों की हालत जानवरों की तरह हो गई है। हम गलियों की ठोकर खा रहे हैं। इस वीडियो मैसेज में भारतीयों ने हाथ जोड़कर अपील की है कि उनकी वतन वापसी कराई जाए। गौरतलब है कि, इन सभी के परिवारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्रालय को लेटर लिखा है। अब तक पीएमओ की ओर से लेटर का कोई जवाब नहीं आया है।