
निषाद पार्टी की सभी कमेटियां भंग, जानिए क्या है मामला
लखनऊ: निषाद पार्टी का दो दिवसीय सम्मेलन का आज समापन हो गया। सम्मेलन में निषाद पार्टी की सभी कमेटियों को भंग करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने बताया कि राष्ट्रीय और प्रदेश की कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से फैसला लिया है कि आगामी लोकसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए सभी कमेटियों को भंग किया जाए। इसमें राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला कमेटी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सर्वसम्मति से राष्ट्रीय और प्रदेश कमेटी को चुनने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष को नामित किया गया है। लोकसभा चुनावों से पूर्व कमेटियों को दुरूस्त करना अनिवार्य था, कुछ पदाधिकारियों का अपने जिले और प्रदेश में अच्छे कामों को लेकर प्रोमोशन होना है साथ ही कुछ कमेटी में पदाधिकारियों का बदलाव होना भी जरूरी था।
जल्द ही भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को सौंपी जाएगी सूची
डॉ. निषाद ने बताया कि सर्वसम्मति से लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष और चुनाव संचालन समिति पर छोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कौन सी लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ना है, इसका फैसला चुनाव संचालन समिति सर्वसम्मति से करके भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सूची सौपेंगी। निषाद पार्टी 80 लोकसभा सीटों की तीन चरणों में तैयारी करेगी, पहले चरण में 27 लोकसभा सीटों को रखा गया है जिसमें निषाद समेत 17 उपजातियो का 4.5 लाख से ऊपर मतदाता है, साथ ही 53 अन्य लोकसभा सीटों को भी तैयार करके भारतीय जनता पार्टी शीर्ष नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी लोकसभा चुनावों में NDA को 80 सीट जीतने के लक्ष्य के साथ नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने का कार्य किया जाएगा। महत्वपूर्ण निर्णय यह भी लिया गया कि आगामी चुनाव निषाद पार्टी अपने सिंबल पर लड़ेगी।