![अमृतपाल के गनमैन के फोन की जांच में नया खुलासा, जल्लूपुर खेड़ा में हो रहा था ये काम](/wp-content/uploads/2023/03/as-17.jpg)
अमृतपाल के गनमैन के फोन की जांच में नया खुलासा, जल्लूपुर खेड़ा में हो रहा था ये काम
आईजी ने कहा- जल्लूपुर खेड़ा में अमृतपाल ने बनाई थी फायरिंग रेंज
अमृतसर: वारिस पंजाब दे का प्रमुख और खालिस्तान सपोर्टर अमृतपाल सिंह के गिरफ्तार गनमैन गोरखा बाबा के फोन की जांच से नया खुलासा हुआ है। उसके फोन से पंजाब पुलिस को इस बात के सबूत मिले हैं कि यह लोग जल्लूपुर खेड़ा के पास फायरिंग रेंज बनाकर हथियार चलाने की प्रैक्टिस कर रहे थे। यहां पर हथियारों को खोलने और जोड़ने की ट्रेनिंग दी जा रही थी। इन्होंने आनंदपुर खालसा फोर्स के होलोग्राम भी बना रखे थे।
यह जानकारी गुरुवार को पंजाब पुलिस के आईजी हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने दी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक 207 लोग पकड़े गए हैं, जिनमें से 30 आरोपी हार्डकोर क्रिमिनल हैं। इन्हें गिरफ्तार किया जाएगा, बाकी अन्य 177 लोगों के खिलाफ प्रिवेंटिव एक्शन लिया गया है। उनको वैरिफाई किया जा रहा है अैर उसके बाद छोड़ा जाएगा।
अमृतपाल ने दाढ़ी के साथ मूंछों को किया फिक्स
आईजी सुखचैन सिंह गिल ने यह भी बताया कि अमृतपाल सिंह का हुलिया अभी वैसा ही है। उसने पगड़ी पहनी हुई है और चश्मा लगाया है। हालांकि, उसने अपनी मूंछों को दाढ़ी के साथ फिक्स कर दिया है। अमृतपाल बिलगा के शेखूवाल के गुरुद्वारे से लाडोवाल गया था। वहां नदी पार करने के लिए नाव ढूंढ रहा था, लेकिन नाव नहीं मिली तो पुराने पुल को क्रॉस कर हार्डीज वर्ल्ड में गया। वहां से ऑटो लेकर कुरुक्षेत्र के शाहाबाद आया। अमृतपाल 19 मार्च की रात को शाहाबाद में बलजीत कौर के घर रुका। महिला उसको ढाई साल से जानती थी। अमृतपाल को शरण देने वाली महिला एसडीएम के रीडर की बहन है।