
दिल्ली : दिल्ली में शो करने को लेकर मुनव्वर फारुकी(Munawwar Farooqui) को दिल्ली पुलिस(Delhi Police) से इजाजत नहीं मिली है। पुलिस की लाइसेंसिंग इकाई को आशंका है कि शो के आयोजन से शहर के सांप्रदायिक सौहार्द पर असर पड़ सकता है।मुनव्वर फारुकी का यह शो 28 अगस्त को प्रस्तावित था। विहिप और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा इस शो विरोध भी किया जा रहा था।
ये भी पढ़े :- उत्तर प्रदेश : लखनऊ कन्वेंशन सेंटर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विभिन्न परियोजनाओं का किया लोकार्पण/शिलान्यास
विहिप ने उठाई शो पर रोक लगाने की मांग
28 अगस्त को दिल्ली के सिविक सेंटर स्थित केदारनाथ स्टेडियम में मुनव्वर फारुकी के शो का आयोजन होना था। इस कार्यक्रम में भारी भीड़ के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा था। इसी बीच विहिप ने इस शो को लेकर विरोध जताया। दिल्ली विहिप के प्रांत मंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में कहा कि, ”मुनव्वर अपने कार्यक्रमों में हिंदू देवी देवताओं का मजाक उड़ाता है। मुनव्वर के कार्यक्रम के लिए अनुमति तत्काल रद्द करने की मांग करते हुए। फारुकी के कार्यक्रम की वजह से जिस तरह से हाल ही में भाग्य नगर में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया था, उसी तरह के हालात दिल्ली में उनके प्रोग्राम की वजह से बन सकते हैं। इसी के साथ उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मुनव्वर के कार्यक्रम को अनुमति मिलती है तो ऐसे में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता शो के विरोध में सड़कों पर उतरेंगे।”
गौरतलब है कि, फारुकी अपने शो में हिंदू देवी देवताओं की हंसी उड़ाने व उनके बारे में अभद्र टिप्पणी को लेकर विवादों में रहे हैं। उन्हें लेकर विवाद की शुरुआत पिछले साल मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से हुई थी। यहां उन्होंने अपने ‘स्टैंडअप कॉमेडी शो’ में हिंदू देवताओं के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें कही थीं। इसके बाद भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम में हंगामा मचाया था और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की थी। पुलिस ने फारुकी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर फारुकी को एक माह बाद जेल से रिहा किया गया था।