
MP : चुनाव लड़ने वालों को गाय पालना हो अनिवार्य, मंत्री हरदीप सिंह ने की ये मांग !
MP के मंत्री हरदीप सिंह डंग ने गाय पालन अनिवार्य करने की मांग की है। उन्होंने अपनी मांग ज़ाहिर करते हुए साफ कहा कि चुनाव में खड़े होने वाले हर व्यक्ति के लिए गाय पालन अनिवार्य होना चाहिए। डंग ने यह भी बताया कि वह अपनी इस मांग के लिए चुनाव आयोग को चिट्ठी भेजेंगे।
डंग ने गौरक्षा के विषय में और भी कई सारी बाते सामने रखी हैं। उन्होंने कहा कि गाय पालन हर चुनाव लड़ने वाले व्यक्ति के लिए अनिवार्य होना चाहिए। हर चुनाव लड़ने वाले व्यक्ति को कम से कम एक गाय का पालन करना चाहिए। साथ ही 25 हजार से अधिक कमाने वाले शासकीय कर्मचारियों से 500 रुपये गौशाला की व्यवस्था के लिए लेने चाहिए।
मंत्री हरदीप सिंह ने हाल ही में गायों के प्रति ज़िम्मेदारियों पर अपना बयान दिया। मीडिया के ज़रिए उन्होंने गौरक्षा के मामले का ज़िक्र किया। उन्होंने गाय का महत्व बताते हुए कहा कि हम धार्मिक आयोजनों में गाय को माता मान पूजा पाठ करते है। अब ज़रूरी है कि हम पूजा पाठ से आगे कदम बढ़ाए। उन्होंने यह भी कहा कि इसे लेकर मैंने विधानसभा में भी अपनी बात रखी थी।
साथ ही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने डंग की इस मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अगर हर व्यक्ति गाय पालेगा तो उसका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि, पहले के समय में गाँव के चित्रों में हर परिवार में एक गाय ज़रूरी होती थी।